बड़वानी: पुलिस विभाग से दो अनुभवी अधिकारियों की ससम्मान विदाई; एसपी और एएसपी ने शाल-श्रीफल भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की

शेयर करे

बड़वानी, 30 अप्रैल 2026। निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

बड़वानी पुलिस विभाग में दशकों तक अपनी सेवाएं देने वाले दो कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी गुरुवार को सेवा-निवृत्त हुए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक गरिमामयी विदाई समारोह आयोजित किया गया, जहाँ उप-निरीक्षक श्रीमती छबु पाटील एवं सहायक उप-निरीक्षक श्री निसार अहमद को ससम्मान विदाई दी गई।

दशकों का सेवाकाल और सराहनीय योगदान

उप-निरीक्षक श्रीमती छबु पाटील ने वर्ष 1989 से और सहायक उप-निरीक्षक श्री निसार अहमद ने वर्ष 1986 से आरक्षक के पद से अपनी पुलिस सेवा प्रारंभ की थी। लगभग 37-40 वर्षों के अपने लंबे कार्यकाल के दौरान दोनों अधिकारियों ने विभिन्न चुनौतीपूर्ण दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। उनकी निष्ठा और कार्यशैली विभाग के लिए सदैव अनुकरणीय रहेगी।

एसपी ने स्मृति चिन्ह भेंट कर किया सम्मानित: पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर ने दोनों अधिकारियों को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। एसपी श्री शुक्ल ने अपने उद्बोधन में सेवानिवृत्त अधिकारियों के स्वस्थ जीवन और उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। उन्होंने उनके परिजनों से भी सौहार्दपूर्ण चर्चा की और विभाग के प्रति उनके समर्पण की सराहना की।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति:

समारोह में उप पुलिस अधीक्षक (महिला सुरक्षा) श्री महेश सुनैया, रक्षित निरीक्षक श्री चेतन बघेल, विभिन्न सूबेदार, सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिजन एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।