खरगोन-कसरावद 10 मई, 2026 |
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (अनीस खान ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
कसरावद। भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत कसरावद नगर परिषद ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नगर परिषद क्षेत्र के सभी 44 गणना ब्लॉकों में मकान सूचीकरण का कार्य रिकॉर्ड समय में और पूर्ण शुद्धता के साथ पूरा कर लिया गया है। इस शानदार प्रदर्शन के साथ ही कसरावद नगर परिषद ने खरगोन जिले सहित पूरे संभाग में प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रशासनिक दक्षता की नई मिसाल पेश की है।
कुशल नेतृत्व और प्रभावी मॉनिटरिंग से मिली सफलता
कलेक्टर महोदया के मार्गदर्शन और एसडीएम श्री सत्येंद्र बैरवा के कुशल नेतृत्व में इस कार्य को अंजाम दिया गया। तहसीलदार एवं चार्ज अधिकारी श्री मुकेश मचार तथा नगर परिषद सीएमओ श्री कमलेश गोले द्वारा बनाई गई प्रभावी कार्ययोजना के कारण प्रगणकों और पर्यवेक्षकों ने पूरी निष्ठा के साथ फील्ड वर्क को समय से पहले ही संपन्न कर लिया।
टीम वर्क और तकनीकी समन्वय रहा मुख्य आधार
इस ऐतिहासिक सफलता में जनगणना कार्य प्रभारी विजय कुमार वर्मा, हमीद खान, आरिफ खान (नगर पंचायत) और लोकेश मुकाती की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम द्वारा डिजिटल पोर्टल और जमीनी कार्य के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखा गया, जिससे गणना कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आई। इस बड़ी उपलब्धि पर प्रशासन द्वारा सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को सम्मानित कर उनकी हौसला अफजाई की गई।
एसडीएम के मार्गदर्शन में मिली ऐतिहासिक जीत
सीएमओ श्री कमलेश गोले ने बताया कि एसडीएम श्री सत्येंद्र बैरवा द्वारा दिए गए विशेष प्रशिक्षण और उनकी सतत मॉनिटरिंग ने टीम में ऊर्जा भरने का काम किया। उन्होंने कहा कि समय-सीमा में कार्य पूर्ण करना पूरी टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। इस सफलता से जिले के अन्य नगरीय निकायों के बीच भी कसरावद का नाम गौरवान्वित हुआ है।








