कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश चौधरी और सचिव उषा नायडू का निमाड़ दौरा, बोरावां में संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने का दिया मंत्र

शेयर करे

खरगोन-कसरावद 10 मई, 2026 |

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (अनीस खान – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

कसरावद-बोरावां। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी तथा राष्ट्रीय सचिव सुश्री उषा नायडू सांगठनिक भ्रमण के दौरान खरगोन जिले के ग्राम बोरावां पहुंचे। पिछले तीन दिनों से निमाड़ अंचल के दौरे पर रहे दोनों वरिष्ठ नेताओं ने पूर्व पीसीसी अध्यक्ष अरुण यादव एवं विधायक सचिन यादव के निवास पर रात्रि विश्राम किया। शनिवार सुबह यादव परिवार द्वारा दोनों नेताओं का शॉल और श्रीफल भेंट कर पारंपरिक स्वागत किया गया।

हर बूथ पर 10 महिला और 10 युवा जोड़ने का लक्ष्य

​संगठनात्मक चर्चा के दौरान हरीश चौधरी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि मध्य प्रदेश की सत्ता का रास्ता निमाड़ से होकर ही गुजरता है। उन्होंने कहा कि स्व. सुभाष यादव ने निमाड़ में कांग्रेस की जो मजबूत जड़ें जमाई थीं, अब हमें उन्हें बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाना है। वहीं राष्ट्रीय सचिव उषा नायडू ने महिला और युवा कांग्रेस को विशेष टास्क देते हुए कहा कि हर बूथ पर कम से कम 10 नई महिलाओं और 10 युवाओं को पार्टी से जोड़ें। उन्होंने कार्यकर्ताओं को वोटर लिस्ट पुनरीक्षण कार्य में जुटने के निर्देश भी दिए।

किसानों के मसीहा सुभाष यादव को दी श्रद्धांजलि

​कार्यकर्ताओं से संवाद के पश्चात दोनों नेताओं ने सहकारी शकर कारखाना परिसर पहुंचकर किसानों के मसीहा स्व. सुभाष यादव की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। हरीश चौधरी ने कहा कि सुभाष जी की नीतियां और किसानों के प्रति उनका समर्पण ही कांग्रेस के लिए मार्गदर्शक है। इसके पूर्व नेताओं ने जे.आई.टी. इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की और छात्रों से शिक्षा व रोजगार के मुद्दों पर संवाद किया।

क्षेत्र के दिग्गज नेता रहे मौजूद

​इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, विधायक सचिन यादव, विधायक केदार सिंह डाबर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि नाईक, पूर्व विधायक परसराम डंडीर, पूर्व विधायक पाचीलाल मेड़ा, कसरावद ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष परसराम यादव सहित खरगोन, बड़वानी, खण्डवा, बुरहानपुर, हरदा और धार जिले के बड़ी संख्या में वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।