राजपुर/बड़वानी, 07 मई 2026। निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
बड़वानी जिले के राजपुर में भ्रष्टाचार के विरुद्ध लोकायुक्त इंदौर की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर के तीन डॉक्टरों को पैथोलॉजी लैब संचालक से मरीजों की जांच के एवज में कमीशन (रिश्वत) लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
20 से बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया था ‘कमीशन’
शिकायतकर्ता अदनान अली (मैनेजर, सेवा पैथोलॉजी लैब) के अनुसार, आरोपी डॉक्टर मरीजों को जांच के लिए उनकी लैब पर भेजने के बदले पहले 20 प्रतिशत कमीशन ले रहे थे। पिछले माह इन तीनों डॉक्टरों ने मिलीभगत कर इस कमीशन को बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया और मोटी रकम की मांग की। परेशान होकर लैब संचालक ने इसकी शिकायत लोकायुक्त एसपी इंदौर से की थी।
रंगे हाथों पकड़े गए तीनों डॉक्टर: गुरुवार को लोकायुक्त की टीम ने जाल बिछाया और तीनों आरोपियों को रिश्वत की राशि स्वीकार करते हुए दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में डॉ. अमित शाक्य (8,000/- रु.), महिला डॉक्टर डॉ. दिव्या सांई (5,000/- रु.) और संविदा चिकित्सक डॉ. मनोहर गोदारा (12,000/- रु.) शामिल हैं।
लोकायुक्त की अपील और संपर्क सूत्र:
लोकायुक्त संगठन द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। यदि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो आमजन सीधे लोकायुक्त कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं:
📍 कार्यालय का पता: पुलिस अधीक्षक, विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त कार्यालय, मोती बंगला, एम.जी. रोड, इंदौर (म.प्र.) – 452007
📞 हेल्पलाइन नंबर: 0731-2533160, 0731-2430100
इस पूरी कार्रवाई में डीएसपी सुनील तालान, निरीक्षक रेनू अग्रवाल सहित 13 सदस्यीय दल शामिल रहा। आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम एवं बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।






