आलीराजपुर में शातिर चोरी बिना ताला तोड़े आईल मिल से हजारों की नगदी पार और चांदी के गहनों को चोरों ने नहीं लगाया हाथ

शेयर करे

आलीराजपुर 08 मई, 2026 | निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

आलीराजपुर। नगर के सोरवा मार्ग स्थित श्रीराम आईल मिल पर गुरुवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक अजीबोगरीब चोरी की घटना को अंजाम दिया। शातिर चोरों ने मिल का ताला तोड़े बिना ही भीतर प्रवेश कर हजारों रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। इस चोरी की सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि चोरों ने गल्ले के पास रखे चांदी के आभूषणों को छुआ तक नहीं और केवल नगदी लेकर चंपत हो गए।

सीसीटीवी उपकरण भी ले उड़े बदमाश

​मिल संचालक आदित्य कोठारी ने बताया कि गुरुवार रात करीब 12 बजे तक वे मिल पर ही मौजूद थे और क्रिकेट मैच देख रहे थे। मैच खत्म होने के बाद वे मुख्य द्वार पर ताला लगाकर घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह जब वे वापस लौटे, तो मिल के भीतर का नजारा देखकर दंग रह गए। मिल के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरे के उपकरण गायब थे और काउंटर का गल्ला खुला पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि गल्ले में रखे करीब 15 हजार रुपये नगद गायब हैं।

बिना ताला टूटे चोरी से पुलिस भी हैरान

​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी अजय वास्कले अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बारीकी से घटनास्थल का मुआयना किया। चोरों ने जिस सफाई से बिना ताला तोड़े वारदात को अंजाम दिया और काउंटर पर रखे करीब डेढ़ किलो चांदी के आभूषणों को छोड़ दिया, उससे यह मामला संदिग्ध और पेशेवर गिरोह की ओर इशारा कर रहा है।

पुलिस ने शुरू की जांच

​संचालक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बदमाशों का सुराग लगाया जा सके। पुलिस अधिकारी वास्कले ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।