बड़वानी में मंदिर के सामने से बाइक चुराने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने 24 घंटे में बरामद की मोटरसाइकिल, आरोपी भेजा गया जेल

शेयर करे

बड़वानी, 08 मई 2026। निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

बड़वानी जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन और एएसपी श्री धीरज बब्बर व एसडीओपी श्री महेश सुनैया के मार्गदर्शन में थाना बड़वानी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मंदिर के बाहर से हुई बाइक चोरी का खुलासा करते हुए शातिर आरोपी को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है।

BSNL ऑफिस और मंदिर के पास से हुई थी वारदात

जानकारी के अनुसार, दिनांक 07.05.2026 को फरियादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी होंडा CB शाइन मोटरसाइकिल (नंबर MP-46-MS-6531) को BSNL ऑफिस के पास स्थित वैष्णो देवी मंदिर के सामने से किसी अज्ञात व्यक्ति ने चुरा लिया है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शहर थाने पर अपराध क्रमांक 283/26, धारा 303(2) BNS के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से पकड़ाया चोर: थाना प्रभारी निरीक्षक बलजीत सिंह के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदेही संजय पिता मेघाराम आर्य (34 वर्ष), निवासी पिपलूद बसाहट बड़वानी को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी ने बाइक चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कीमती लगभग 60,000/- रुपये की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

आरोपी का आपराधिक इतिहास:

पकड़ा गया आरोपी संजय एक शातिर अपराधी है। उसके विरुद्ध बड़वानी थाने में पहले से ही चोरी, मारपीट और लड़ाई-झगड़े के 07 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी को माननीय न्यायालय के आदेश पर बड़वानी केंद्रीय जेल भेज दिया गया है।

सराहनीय भूमिका

इस पूरी कार्यवाही और मोटरसाइकिल बरामदगी में थाना प्रभारी निरीक्षक बलजीत सिंह, प्रधान आरक्षक जगजोत सिंह, आरक्षक पुरुषोत्तम एवं प्रधान आरक्षक चन्द्रशेखर की सराहनीय भूमिका रही।