सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए बड़वानी पुलिस की नई मुहिम, ब्लैक स्पॉट पर दी जा रही भावनात्मक चेतावनी

शेयर करे

बड़वानी, 08 मई 2026। निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

जिले में सड़क दुर्घटनाओं के ग्राफ को कम करने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में एक विशेष मुहिम चलाई जा रही है। इसी कड़ी में थाना नागलवाड़ी और चौकी बालसमुद क्षेत्र के चिह्नित ‘ब्लैक स्पॉट’ (दुर्घटना संभावित क्षेत्रों) पर विशेष चेतावनी और जागरूकता बोर्ड लगाए गए हैं।

“अगला नंबर आपका न हो” – कड़े शब्दों में चेतावनी

पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में लगाए गए इन बोर्डों के माध्यम से वाहन चालकों को कड़े शब्दों में आगाह किया गया है। बोर्ड पर स्पष्ट संदेश अंकित है— “आपके पहले सड़क दुर्घटना में इस स्थान पर कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, अगला नंबर आपका हो सकता है।” इस भावनात्मक और गंभीर चेतावनी का उद्देश्य यात्रियों को गति धीमी करने तथा मानसिक रूप से सतर्क रहने के लिए प्रेरित करना है।

इन नियमों का पालन है अनिवार्य: बड़वानी पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करें। साथ ही नशे में वाहन न चलाने और निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन न करने की समझाइश भी दी गई है।

आपातकालीन सहायता के लिए संपर्क करें:

आमजन की सुविधा के लिए बोर्ड पर जिम्मेदार अधिकारियों के नंबर भी जारी किए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति में थाना प्रभारी आर. के. पाटील (9425480999) या चौकी प्रभारी बालसमुद संजय शर्मा (9826862384) से संपर्क किया जा सकता है।