बड़वानी में ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई यातायात पुलिस और आरटीओ ने कई पिकअप किए जप्त

शेयर करे

बड़वानी, 22 अप्रैल 2026। निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

बड़वानी पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में जिले में ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही हेतु विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को थाना यातायात बड़वानी एवं आरटीओ विभाग द्वारा संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

विभिन्न स्थानों पर की गई सघन चेकिंग
प्रशासनिक टीम द्वारा शहर के पाटी नाका, योगमाया मंदिर एवं जयपुरिया स्कूल के समीप अलग-अलग स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग की गई। इस दौरान क्षमता से अधिक सामान भरकर परिवहन कर रहे पिकअप वाहनों को रोककर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। नियम विरुद्ध पाए गए वाहनों को जप्त कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।

18 प्रकरणों में 63 हजार रुपये से अधिक का अर्थदंड
चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 18 प्रकरणों में चालानी कार्रवाई की गई। इन प्रकरणों में माननीय न्यायालय द्वारा कुल 63,200 रुपये का समन शुल्क (जुर्माना) अधिरोपित किया गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।