कसरावद: नल-जल योजना के गड्ढों ने राहगीरों का जीना किया मुहाल, तहसील और SDM कार्यालय के सामने ‘हादसों’ को न्योता

शेयर करे

कसरावद, 24 अप्रैल 2026। निमाड़ दस्तक न्यूज़ (अनीस खान – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

कसरावद नगर में विकास के नाम पर खोदे गए गड्ढे अब आम जनता के लिए मुसीबत का सबब बन गए हैं। नल-जल योजना के तहत नगर के महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्यालयों के सामने नल कनेक्शन तो दे दिए गए, लेकिन ठेकेदार द्वारा खोदी गई सड़कों की मरम्मत करना उचित नहीं समझा गया। हालत यह है कि तहसील और एसडीएम कार्यालय जैसे व्यस्त इलाकों में खुले पड़े ये गड्ढे आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं।

मेन गेट के सामने ‘यमराज’ का गड्ढा!

तहसील कार्यालय के मुख्य द्वार (Main Gate) के ठीक सामने एक बड़ा गड्ढा होने के कारण राहगीर और मोटरसाइकिल चालक लगातार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। काम खत्म होने के बाद ठेकेदार इन गड्ढों को भरना भूल गया है, जिससे नगर के रहवासियों और वाहन चालकों में भारी आक्रोश है।

अधिकारियों की चुप्पी पर उठ रहे सवाल: आखिर क्या वजह है कि जिम्मेदार अधिकारी ठेकेदार की इस बड़ी लापरवाही पर मौन साधे हुए हैं? नगरवासियों का आरोप है कि नल-जल योजना के ठेकेदार पर अधिकारी इस कदर मेहरबान हैं कि नगर की सड़कों की दुर्दशा उन्हें दिखाई नहीं दे रही है।

नगर का सवाल: क्या बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है प्रशासन?

राहगीरों का कहना है कि तहसील परिसर में दिनभर सैकड़ों लोगों का आना-जाना लगा रहता है, ऐसे में इन गड्ढों के कारण कभी भी कोई बड़ी जनहानि हो सकती है। क्या शासन-प्रशासन ऐसे ही नगर में गड्ढों को खुला छोड़कर जनता की जान से खिलवाड़ करता रहेगा?