सेंधवा/बड़वानी, 24 अप्रैल 2026। निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
बड़वानी पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा सेंधवा शहर के त्रिवेणी चौक पर “जनसंवाद एवं जनजागरूकता” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “आपकी बात पुलिस के साथ” अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में एसपी ने नागरिकों से सीधा संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की।
निर्भया रक्षा शक्ति: महिला सुरक्षा के लिए मिली स्कूटी
महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एसपी महोदय ने ‘निर्भया रक्षा शक्ति’ अभियान के तहत सेंधवा शहर थाने को विशेष स्कूटी उपलब्ध कराई है। यह स्कूटी अब शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।
प्रतिभाओं और समाजसेवियों का सम्मान: कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा 10वीं व 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही शहर की प्रमुख समाजसेवी संस्थाओं—आसरा फाउंडेशन और सुभाष चंद्र बोस रक्तदान समिति के प्रतिनिधियों की निस्वार्थ सेवा की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।
साइबर अपराध से सुरक्षा का मंत्र: एसपी ने बढ़ते डिजिटल फ्रॉड पर अंकुश लगाने हेतु नागरिकों को जागरूक किया। उन्होंने ‘सतर्क रहें, सुरक्षित रहें’ का मंत्र देते हुए किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचित करने की जानकारी दी।
एसपी का संदेश: “जब नागरिक और पुलिस कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे, तभी बड़वानी सुरक्षित बनेगा।”
इनकी रही उपस्थिति: कार्यक्रम में SDOP अजय वाघमारे, थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाह सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक और व्यापारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन अधिवक्ता नरेंद्र तिवारी द्वारा किया गया।











