आलीराजपुर: एमपीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, कलेक्टर नीतू माथुर ने केंद्रों पर पहुँचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

शेयर करे

आलीराजपुर, 26 अप्रैल 2026। निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) द्वारा आयोजित राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 रविवार को आलीराजपुर जिला मुख्यालय पर शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा की शुचिता और व्यवस्थाओं को परखने के लिए कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया।

कलेक्टर ने दिए पारदर्शी परीक्षा के निर्देश

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा (First Aid), बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा मानकों का अवलोकन किया। उन्होंने केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि शासन के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराया जाए।

उपस्थिति का विवरण: आलीराजपुर के 4 केंद्रों पर कुल 1496 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। आयोग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार:

  • प्रथम पाली: 1192 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 304 अनुपस्थित पाए गए।
  • द्वितीय पाली: 1176 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 320 अभ्यर्थी गैर-हाजिर रहे।

प्रशासनिक मुस्तैदी: कलेक्टर श्रीमती माथुर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाए रखा जाए, ताकि किसी भी स्तर पर गोपनीयता प्रभावित न हो।