​भीषण सड़क हादसा: खरगोन से इंदौर जा रही पाटीदार बस ओझरा के पास पलटी, 30 यात्री घायल; गंभीर घायलों को खरगोन जिला अस्पताल किया गया रेफर

शेयर करे

कसरावद, 22 अप्रैल 2026। निमाड़ दस्तक न्यूज़ (अनीस खान – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​खरगोन-इंदौर मार्ग पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। खरगोन से इंदौर की ओर जा रही पाटीदार ट्रेवल्स की बस कसरावद क्षेत्र के ग्राम ओझरा के पास अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में छोटे-बड़े मिलाकर लगभग 30 यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए कसरावद के शासकीय अस्पताल लाया गया।

ओझरा के पास हुआ हादसा, मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, पाटीदार बस प्रतिदिन की तरह खरगोन से सवारियां लेकर इंदौर के लिए रवाना हुई थी। ग्राम ओझरा के समीप बस अचानक अनियंत्रित हो गई और दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुँचाया गया।

प्रशासनिक अमला मुस्तैद, गंभीर यात्री खरगोन रेफर

हादसे की सूचना मिलते ही तहसीलदार, पुलिस प्रशासन और अन्य आला अधिकारी तत्काल कसरावद के शासकीय अस्पताल पहुँचे। घायलों के त्वरित उपचार के लिए डॉक्टरों की टीम मुस्तैद रही। प्राथमिक उपचार के बाद, जिन यात्रियों की स्थिति अधिक गंभीर थी, उन्हें बेहतर इलाज के लिए तत्काल खरगोन जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। समय पर प्रशासनिक अमला अस्पताल में ही मौजूद रहकर राहत कार्यों की निगरानी कर रहा है।

30 यात्री हुए घायल, मची चीख-पुकार

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बस में सवार करीब 30 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। अस्पताल में बड़ी संख्या में घायलों के परिजन और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस प्रशासन द्वारा बस दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।