आलीराजपुर, 21 अप्रैल 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी, ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
राजधानी भोपाल के लोक भवन में आयोजित समामेलित विशेष निधि प्रबंधन समिति की 25वीं वार्षिक बैठक में आलीराजपुर जिले ने प्रदेश स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सशस्त्र सेना झंडा दिवस निधि वर्ष 2024-25 के तहत निर्धारित लक्ष्य से कहीं अधिक राशि एकत्रित करने के लिए आलीराजपुर जिले को प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है।
लक्ष्य से तीन गुना अधिक राशि की एकत्रित
बैठक की अध्यक्षता कर रहे मध्यप्रदेश के राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल ने इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आलीराजपुर जिला कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि जिले को 3,52,100 रुपये का लक्ष्य दिया गया था, जिसके विरुद्ध जिला प्रशासन और आमजन के सहयोग से 9,53,100 रुपये से अधिक की राशि एकत्रित की गई। यह उपलब्धि लक्ष्य से लगभग तीन गुना अधिक है।
सैनिकों के बलिदान के आगे यह योगदान छोटा: कलेक्टर
सम्मान प्राप्त करने के बाद कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने अपने संबोधन में कहा कि हमारे सैनिकों के अदम्य साहस और बलिदान के सामने यह योगदान बहुत छोटा है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय जिले के नागरिकों की संवेदनशीलता को देते हुए कहा कि देशवासियों का सुरक्षित जीवन सैनिकों के त्याग का परिणाम है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आलीराजपुर जिला प्रशासन भविष्य में भी सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए हरसंभव प्रयास जारी रखेगा।
सिविल सेवा दिवस पर मिला गौरव
सिविल सेवा दिवस के विशेष अवसर पर मिली इस सराहना से जिले के प्रशासनिक अमले और नागरिकों में हर्ष का माहौल है। इस बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों की उपलब्धियों की समीक्षा की गई, जिसमें आलीराजपुर का प्रदर्शन सबसे उत्कृष्ट रहा।




