विधायक सेना पटेल की बड़ी उपलब्धि: आजाद नगर के जवानिया में 4.20 करोड़ की लागत से बनेगा नवीन विद्युत उपकेंद्र, सुधरेगी बिजली आपूर्ति

शेयर करे

आलीराजपुर, 21 अप्रैल 2026

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी, ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​जोबट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चंद्रशेखर आजाद नगर (भाबरा) के ग्राम जवानिया और आसपास के क्षेत्रों को विद्युत व्यवस्था के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है। विधायक श्रीमती सेना पटेल के विशेष प्रयासों से ग्राम जवानिया में 5 एमवीए क्षमता का नवीन 33/11 केव्ही विद्युत उपकेंद्र स्थापित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण परियोजना पर लगभग 4 करोड़ 20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

मजबूत होगा बिजली का बुनियादी ढांचा

​इस वृहद परियोजना के तहत विद्युत अधोसंरचना का विस्तार किया जाएगा, जिसमें शामिल है:

  • ​5 किलोमीटर 33 केव्ही लाइन (एच-बीम पर)
  • ​10 किलोमीटर 33 केव्ही लाइन (पी.सी.सी. पोल पर)
  • ​3 किलोमीटर 11 केव्ही लाइन (एच-बीम पर)
  • ​7 किलोमीटर 11 केव्ही लाइन (पी.सी.सी. पोल पर) इसके साथ ही क्षेत्र में नई डीपी, पोल और तारों का जाल बिछाया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों तक बिजली की पहुंच सुगम होगी।

किसानों और ग्रामीणों को मिलेगी लो-वोल्टेज से राहत

​वर्तमान में जवानिया और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली कटौती की समस्या बनी रहती है। नवीन उपकेंद्र बनने के बाद इन समस्याओं का स्थाई समाधान होगा। इसका सीधा लाभ किसानों को मिलेगा, जिन्हें सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध होगी। साथ ही विद्यार्थियों की पढ़ाई और स्थानीय व्यापारियों के व्यवसाय को भी नई गति मिलेगी।

विकास की नई दिशा तय करेगी परियोजना

​विधायक सेना पटेल ने इस उपलब्धि पर विद्युत विभाग के मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जोबट विधानसभा के हर गांव तक सड़क, पानी और निर्बाध बिजली पहुँचाना उनकी प्राथमिकता है। बेहतर बिजली व्यवस्था से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और छोटे उद्योगों के लिए नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में क्षेत्र को कई अन्य विकास कार्यों की सौगातें भी मिलेंगी।