कसरावद: टीम भावना और समर्पण से मिली बड़ी उपलब्धि, जनगणना कार्य में कसरावद अनुभाग संभाग और जिले में रहा प्रथम

शेयर करे

कसरावद 12 मई, 2026 |

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (अनीस खान – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​भारत सरकार के जनगणना 2027 के प्रथम चरण में अनुभाग कसरावद ने एक मिसाल कायम की है। जनगणना मकान सूचीकरण का कार्य, जो 30 दिनों में पूर्ण होना था, उसे कसरावद के प्रगणकों और पर्यवेक्षकों ने अपनी कर्तव्यनिष्ठा से मात्र 10 दिनों में ही संपन्न कर लिया। इस शानदार उपलब्धि के चलते कसरावद अनुभाग को संभाग एवं जिले में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।

पुष्प वर्षा और ढोल-ताशों के साथ हुआ सम्मान

इस सफलता का जश्न मनाने के लिए श्री गजानन रिसोर्ट कसरावद में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समस्त प्रगणकों, पर्यवेक्षकों और फील्ड ट्रेनर्स का स्वागत पुष्प वर्षा और ढोल-ताशों के साथ किया गया। एसडीएम एवं अनुभाग जनगणना अधिकारी श्री सत्येंद्र बेरवा, तहसीलदार श्री मुकेश मचार, सीएमओ श्री कमलेश गोले और तहसीलदार श्री नरेंद्र मुवेल ने सभी कर्मयोगियों को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया।

अनुभव साझा किए और राष्ट्रीय स्तर का लिया संकल्प

समारोह के दौरान प्रगणकों और फील्ड ट्रेनर्स ने अपने कार्य के दौरान आए अनुभवों को साझा किया। अनुभाग जनगणना अधिकारी श्री सत्येंद्र बेरवा ने सभी से अपील की कि फरवरी 2027 में होने वाले द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के कार्य को भी इसी निष्ठा के साथ पूर्ण करें। इस दौरान कसरावद अनुभाग को राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान दिलाने का संकल्प भी दिलाया गया।

सेल्फी पॉइंट और स्वरुचि भोजन का आनंद

कार्यक्रम में उपस्थित सभी स्टाफ और प्रगणकों के लिए स्वरुचि भोजन का आयोजन किया गया। सभी ने सफलता की खुशी मनाई और सेल्फी पॉइंट पर फोटो भी खिंचवाए। कार्यक्रम का संचालन श्री नरेंद्र पाटीदार ने किया और आभार जनगणना प्रभारी श्री विजय कुमार वर्मा ने माना।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

समारोह में जनपद सीईओ श्रीमती रीना किराड़, बीईओ श्री बी.एस. निगवाल, बीआरसी श्री राजाराम कंदोडे, सीडीपीओ श्रीमती उमा नरवरिया, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री नरेंद्रसिंह, जनगणना प्रभारी श्री विजय कुमार वर्मा, हमीद खान, आरिफ खान और लोकेश मुकाती सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।