बड़वानी में राज्यसभा सांसद ने किया निर्माणाधीन सांदीपनि स्कूल का निरीक्षण, कमियां मिलने पर निर्माण एजेंसी को जमकर फटकारा

शेयर करे

बड़वानी 13 मई, 2026 |

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​बड़वानी जिले के सिलावद में 24 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे सांदीपनि (सीएम राइज) स्कूल के भवन का राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सांसद ने भवन के प्रत्येक हिस्से का बारीकी से अवलोकन किया और निर्माण कार्य में कमियां पाए जाने पर निर्माण एजेंसी के पदाधिकारियों व संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल सुधार के सख्त निर्देश दिए।

एक छत के नीचे 1800 विद्यार्थी ले सकेंगे आधुनिक शिक्षा

बता दें कि यह 4 मंजिला भव्य भवन पिछले डेढ़ साल से निर्माणाधीन है, जिसका लगभग 70 फीसदी कार्य पूर्ण हो चुका है। अगले 6 माह में इसके तैयार होने की संभावना है। इस विद्यालय में केजी-1 से लेकर 12वीं तक के करीब 1800 छात्र-छात्राएं एक साथ शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे। भवन में 60 से अधिक कमरे और 36 अत्याधुनिक स्मार्ट क्लास रूम बनाए जा रहे हैं, जहाँ प्रत्येक कक्षा में 50 विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था होगी।

स्टेज छोटा होने पर जताई नाराजगी, खुद खड़े रहकर कराई नाप-तौल

निरीक्षण के दौरान सांसद डॉ. सोलंकी तब बिफर पड़े जब उन्होंने परिसर में बने स्टेज को मानक आकार से छोटा पाया। उन्होंने तत्काल इंजीनियरों से सवाल-जवाब किए और स्वयं खड़े रहकर स्टेज की नाप-तौल करवाई। सांसद ने स्टेज की लंबाई, चौड़ाई और ऊंचाई बढ़ाकर उसे व्यवस्थित ढंग से दोबारा बनाने के निर्देश दिए ताकि भविष्य में होने वाले आयोजन सुचारू रूप से हो सकें।

लापरवाही पर दी सख्त चेतावनी: गुणवत्ता से समझौता नहीं

अपने गृहक्षेत्र सिलावद में बन रहे इस स्कूल को लेकर सांसद ने स्पष्ट लहजे में कहा कि बच्चों के भविष्य से जुड़ी इस परियोजना में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि गुणवत्ता उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों द्वारा बताई गई छोटी-छोटी कमियों को भी तुरंत दुरुस्त करने के आदेश दिए गए।

निजी स्कूलों को मात देंगी सुविधाएं, शुरू होगी बस सेवा

डॉ. सोलंकी ने बताया कि यह स्कूल निजी विद्यालयों से भी बेहतर सुविधाओं से लैस होगा। यहाँ आधुनिक लैब, सुरक्षित परिसर और स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही, दूरदराज के गांवों से आने वाले बच्चों के लिए बस सेवा शुरू की जाएगी, जो छात्रों को घर से स्कूल लाने और वापस छोड़ने का कार्य करेगी।

निरीक्षण में ये रहे मौजूद

इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय यादव, पूर्व जपं उपाध्यक्ष महेश भावसार, पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष हीरा यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष मनीष गुप्ता, दिलीप भावसार, संजीव राठौड़, पीयूष राठौड़ और संस्था प्राचार्य कैलाश भालसे सहित कई कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे।