बड़वानी पुलिस का ‘ऑपरेशन हवालात’ सफल: आदतन नकबजनी का आरोपी गिरफ्तार, चोरी की दो वारदातों का पर्दाफाश

शेयर करे

बड़वानी 14 मई, 2026 |

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​बड़वानी जिले में चोरी और नकबजनी की वारदातों पर लगाम कसने के लिए पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन हवालात’ के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार कर शहर में हुई नकबजनी की दो बड़ी वारदातों का खुलासा किया है।

सीसीटीवी कैमरों की मदद से गिरफ्त में आया शातिर चोर

​कोतवाली पुलिस टीम ने वारदातों की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थलों के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों का बारीकी से अवलोकन किया। तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी लोकेन्द्र उर्फ छोटू (20 वर्ष), निवासी चांदशाह मोहल्ला बड़वानी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर केंद्रीय जेल बड़वानी भेज दिया गया है।

1.10 लाख रुपये का मशरूका बरामद

​पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया कुल 1,10,000/- रुपये मूल्य का सामान और नकदी बरामद की है:

  • प्रकरण-01: एक जोड़ी चांदी की पायजब, 3 एंड्रॉयड मोबाइल और 5000 रुपये नकद।
  • प्रकरण-02: एक जोड़ी चांदी की पायजब, एक चांदी की चेन और 15000 रुपये नकद।

क्या थी घटनाएं?

​पहली वारदात 28 अप्रैल को हुई थी, जब फरियादी के सूने घर का ताला तोड़कर मोबाइल और जेवरात चोरी किए गए थे। वहीं दूसरी वारदात 2 मई को हुई, जहां आरोपी ने मकान की दूसरी मंजिल पर चोरी करते समय फरियादिया को धक्का देकर घायल कर दिया था और अलमारी से कीमती सामान लेकर फरार हो गया था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी और मारपीट के 3 मामले दर्ज हैं।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

​इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक बलजीत सिंह, उप निरीक्षक रवि ठाकुर, प्रधान आरक्षक जगजोध सिंह, आरक्षक हितेंद्र, आत्माराम, पुरुषोत्तम और अंतर की विशेष भूमिका रही।