बड़वानी जिले के ग्राम करी में रोजगार मेला: ‘हर ग्राम, एक काम’ अभियान को लेकर सांसद गजेंद्रसिंह पटेल ने विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद

शेयर करे

बड़वानी 19 मई, 2026 |

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​शासकीय आदर्श महाविद्यालय, करी में मंगलवार को युवा संगम (रोजगार मेला) एवं “सांसद अभियान – हर ग्राम, एक काम (ग्रामहिते राष्ट्रहितम्)” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर लोकसभा सांसद गजेंद्रसिंह पटेल ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास और ग्राम विकास से जुड़ी शासकीय योजनाओं की जानकारी देते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।

युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत: सांसद

​विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सांसद श्री पटेल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को न केवल रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं, बल्कि उन्हें कौशल आधारित प्रशिक्षण (Skill Training) से भी जोड़ा जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं की सक्रिय सहभागिता से ही गांवों में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।

“ग्रामहिते राष्ट्रहितम्” से बदलेगी गांवों की तस्वीर

​कार्यक्रम के दौरान सांसद गजेंद्रसिंह पटेल द्वारा क्षेत्र में चलाए जा रहे विशेष अभियान “सांसद अभियान – हर ग्राम, एक काम” के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। सामाजिक उत्तरदायित्व (Social Responsibility) और ग्राम विकास में युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए बताया गया कि चयनित गांवों में सर्वे, जन-जागरूकता और विकासात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। सांसद ने कहा कि “ग्रामहिते राष्ट्रहितम्” की भावना से प्रेरित यह अभियान गांवों के समग्र विकास और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

कार्यक्रम में ये वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

​इस गरिमामय और प्रेरणादायक कार्यक्रम के दौरान जिला रोजगार अधिकारी श्री टी.एस. डुडवे, आजीविका मिशन प्रमुख श्रीमती अनुराधा पाटीदार, स्वामी विवेकानंद कैरियर संभागीय नोडल डॉ. मधुसूदन चौबे, प्राचार्य डॉ. प्रमोद पंडित, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष श्री शिवम मिश्रा और सिलावद मंडल अध्यक्ष श्री अजय यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ ही महाविद्यालय का पूरा स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।