बड़वानी 05 मई, 2026 |
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
बड़वानी। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन के तत्वावधान में मंगलवार को शहर में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। इकरा स्कूल भवन में आयोजित इस शिविर में गुजरात के बड़ौदा स्थित ‘पिपरिया धीरज हॉस्पिटल’ के लगभग 20 विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने अपनी सेवाएँ दीं। शिविर में बड़वानी सहित आसपास के क्षेत्रों से आए करीब 210 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें उचित परामर्श दिया गया।
निःशुल्क दवाइयाँ और ओपीडी की सुविधा
शिविर की सबसे खास बात यह रही कि यहाँ आने वाले मरीजों से कोई शुल्क नहीं लिया गया। डॉक्टरों द्वारा परामर्श के साथ-साथ सभी मरीजों को निःशुल्क दवाइयाँ भी वितरित की गईं। धीरज हॉस्पिटल के डॉ. अनुज जोशी ने बताया कि जिन मरीजों की स्थिति गंभीर पाई गई है, उन्हें बेहतर उपचार के लिए बड़ौदा स्थित धीरज हॉस्पिटल रेफर किया गया है। इन मरीजों को अस्पताल तक ले जाने के लिए संस्थान द्वारा निःशुल्क बस सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने संभाली व्यवस्था
अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन के जिलाध्यक्ष अब्दुल सादिक चंदेरी एवं महिला विंग अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा सोनी के नेतृत्व में जिला कार्यकारिणी ने इस आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। इसमें अब्दुल रजाक तिगाले, डॉ. अब्दुल रशीद पटेल, पूर्व सीएमओ सादिक शेख, विजय कुमार जैन एवं अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। शिविर में अंजड़ से आए समाजसेवी इंदु तिगाले और पार्षद सलीम तिगाले ने भी इस सेवा कार्य की प्रशंसा की।
सहयोगियों का जताया आभार
शिविर के सफल संचालन के लिए इकरा स्कूल के संचालक आरिफ शेख ने भवन निःशुल्क उपलब्ध कराया। वहीं अब्दुल रजाक तिगाले द्वारा भोजन व्यवस्था एवं सगीर अहमद शेख द्वारा टेंट व्यवस्था में सहयोग प्रदान किया गया। कार्यक्रम के समापन पर जिलाध्यक्ष चंदेरी ने धीरज हॉस्पिटल की टीम और मैनेजमेंट अधिकारी सचिन पाटीदार सहित सभी प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए मरीजों के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।







