खरगोन 28 मई, 2026 |
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (अनीस खान – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
खरगोन जिले में अवैध मदिरा के निर्माण और उसकी बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने एक बड़ी और सामूहिक कार्रवाई को अंजाम दिया है। कलेक्टर भव्या मित्तल के आदेश और सहायक आबकारी आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग के संयुक्त बल ने विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध शराब और उसे बनाने की सामग्री ज़ब्त की है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान कुल 10 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं और 3 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।
34(1) के तहत 10 केस दर्ज, इन क्षेत्रों में पुलिस ने मारी रेड
प्रभारी अधिकारी आबकारी नियंत्रण कक्ष श्री सजेंद्र मोरी के मार्गदर्शन में इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। आबकारी विभाग के संयुक्त बल द्वारा ग्राम भोईदा, चीचली और सत्राटी क्षेत्र के घने जंगलों तथा नदी-नालों के आसपास बने अवैध ठिकानों पर अलग-अलग टीमें बनाकर एक साथ छापेमारी की गई। वृत्त प्रभारी व आबकारी उपनिरीक्षक ओमप्रकाश मालवीय द्वारा मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) क, च के तहत कुल 10 प्रकरण दर्ज कर 3 शराब माफियाओं को मौके से गिरफ्तार किया गया।
6 लाख रुपए अनुमानित कीमत, सैंपल लेकर नष्ट किया लहान
इस सघन तलाशी अभियान के दौरान आबकारी विभाग की टीम ने मौके से 150 लीटर अवैध हाथ भट्टी मदिरा (शराब) ज़ब्त की। इसके साथ ही शराब बनाने के उद्देश्य से छुपाकर रखा गया भारी मात्रा में यानी कुल 5800 किलोग्राम महुआ लहान बरामद किया गया। अधिकारियों ने महुआ लहान के वैधानिक सैंपल कलेक्ट किए और मौके पर ही शेष बचे हजारों किलो लहान को पूरी तरह नष्ट कर दिया। विभाग के अनुसार, ज़ब्त की गई इस अवैध मदिरा और सामग्री का कुल अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 6,00,000 (6 लाख रुपए) आंका गया है।
कार्रवाई में संयुक्त बल का रहा विशेष योगदान
अवैध शराब के नेटवर्क को ध्वस्त करने वाली इस बड़ी कार्रवाई में आबकारी विभाग के अलग-अलग वृत्तों (अ, ब, स, कसरावद, सनावद, महेश्वर और बड़वाह) के संयुक्त बल ने हिस्सा लिया। इसमें आबकारी उपनिरीक्षक शिवम चौरसिया, सार्थक वर्मा, मुख्य आरक्षक दिलीप मालवीय सहित आरक्षक संतोष वर्मा, प्रजोत चौधरी, नवनीत पाल, ऋषि मालवीय, राधेश्याम मंडलोई, रणजीत वर्मा, रमेश मोरे, संतोष आवासे, राजू डुडवे, संता चौहान, प्रमिला चौहान और शीतल कारोले का विशेष व सराहनीय योगदान रहा। आबकारी विभाग के अनुसार, जिले में अवैध मदिरा के खिलाफ यह प्रभावी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।





