आलीराजपुर: अवैध रेत परिवहन पर प्रशासन का बड़ा प्रहार; आधी रात को घेराबंदी कर पकड़ा डंपर, उदयगढ़ थाने में किया जब्त

शेयर करे

आलीराजपुर 4 जून, 2026 |

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

कलेक्टर नीतू माथुर के कड़े निर्देशन और प्रभारी खनिज अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर तपीस पांडे के कुशल मार्गदर्शन में आलीराजपुर जिले में माफियाओं के खिलाफ मुहिम तेज हो गई है। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध प्रशासन द्वारा लगातार की जा रही सख्त कार्रवाई के तहत खनिज विभाग की टीम ने देर रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अवैध रेत से भरे एक डंपर को मय माल के जब्त किया है।

झाबुआ की ओर जा रहा था रेत से भरा डंपर

प्रभारी खनिज अधिकारी तपीस पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि मुखबिर से पुख्ता सूचना प्राप्त हुई थी कि उदयगढ़ मार्ग से अवैध रेत का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर खनिज विभाग एवं स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने तत्काल जाल बिछाया। रात्रि लगभग 11:30 बजे उदयगढ़ से झाबुआ की ओर जा रहे एक संदिग्ध डंपर को रोककर जब उसकी बारीकी से जांच की गई, तो उसमें बिना किसी वैध दस्तावेज और रॉयल्टी के रेत का अवैध परिवहन पाया गया।

गाड़ी नंबर RJ35GA2617 जब्त, ओवरलोडिंग का केस भी दर्ज

जांच टीम ने मौके पर ही नियमानुसार त्वरित वैधानिक कार्रवाई करते हुए डंपर क्रमांक RJ35GA2617 को तुरंत अपनी कस्टडी में ले लिया। अवैध रेत से लदे इस डंपर को सुरक्षा के लिहाज से उदयगढ़ थाने में लाकर खड़ा किया गया है, जहां इसे सुरक्षित रूप से जब्त रखने की कार्रवाई की गई है। प्रभारी खनिज अधिकारी ने स्पष्ट किया कि संबंधित वाहन मालिक और चालक के विरुद्ध खनिज अधिनियम के तहत सख्त वैधानिक मामला दर्ज किया जा रहा है। इसके साथ ही वाहन में क्षमता से अधिक रेत भरे होने के कारण ओवरलोडिंग का पृथक से प्रकरण भी तैयार किया जा रहा है।

माफियाओं में हड़कंप, कार्रवाई रहेगी अनवरत जारी

प्रशासन की इस अचानक और देर रात हुई कार्रवाई से क्षेत्र के रेत माफियाओं और अवैध परिवहनकर्ताओं में हड़कंप मच गया है। डिप्टी कलेक्टर तपीस पांडे ने कड़े लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि जिले की सीमा के भीतर किसी भी प्रकार का अवैध उत्खनन या बिना रॉयल्टी के खनिजों का परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी प्रशासन और खनिज विभाग की यह संयुक्त कार्रवाई इसी तरह पूरी मुस्तैदी के साथ लगातार जारी रहेगी।