आलीराजपुर: रेत माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा, रात में दबिश देकर बिना नंबर के दो डंपर किए जब्त

शेयर करे

आलीराजपुर 6 जून, 2026 |

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

जिले में अवैध रेत के काले कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर आधी रात को बड़ी कार्रवाई करते हुए माफियाओं को कड़ा संदेश दिया है। कलेक्टर नीतू माथुर के सख्त निर्देशन और प्रभारी खनिज अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर तपीस पांडे के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की टीम ने देर रात दबिश देकर अवैध रेत से भरे दो डंपरों को मय माल के जब्त करने में सफलता हासिल की है।

बिना नंबर के डंपरों से हो रहा था बालू का अवैध परिवहन

प्रभारी खनिज अधिकारी तपीस पांडे ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर प्रशासन की टीम ने रात्रि में घेराबंदी की। इस दौरान अवैध रूप से बालू (रेत) का परिवहन करते हुए 6-6 टायर वाले दो डंपर पकड़े गए। चौंकाने वाली बात यह है कि कार्रवाई से बचने के लिए इन दोनों ही डंपरों पर नंबर प्लेट नहीं थीं। अधिकारियों ने बिना नंबर के दोनों डंपरों को तत्काल कस्टडी में लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षित खड़ा करवा दिया है।

प्राकृतिक संसाधनों की लूट करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे: प्रशासन

खनिज विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि पकड़े गए दोनों वाहनों के मालिकों और चालकों के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत सख्त कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने कड़े लहजे में चेतावनी दी है कि जिले में प्राकृतिक संसाधनों की लूट करने वाले और शासन को राजस्व का चूना लगाने वाले माफियाओं को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी इसी तरह कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

लगातार हो रही कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप

गौरतलब है कि आलीराजपुर जिले में पिछले कुछ दिनों से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध प्रशासन द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। दो दिन पूर्व भी उदयगढ़ क्षेत्र में अवैध रेत का डंपर पकड़ा गया था और अब फिर से हुई इस बड़ी जब्ती की कार्रवाई से रेत माफियाओं और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन की इस निरंतर सख्ती से क्षेत्र में चल रहे अवैध रेत के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगने की उम्मीद मजबूत हो गई है।