आलीराजपुर 6 जून, 2026 |
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
देश और प्रदेश में लगातार बढ़ती महंगाई, बेकाबू बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और लगातार सामने आ रहे प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक मामलों को लेकर युवा कांग्रेस कल रविवार, 7 जून को जिला मुख्यालय आलीराजपुर पर एक विशाल ‘जनआक्रोश कार्यक्रम’ आयोजित करने जा रही है। इस बड़े आंदोलन और शक्ति प्रदर्शन को लेकर युवक कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी शिविसिंह चौहान ने शनिवार को सिनेमा चौराहा स्थित मुख्य कांग्रेस कार्यालय में एक पत्रकार वार्ता (प्रेस कॉन्फ्रेंस) को संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पुष्पराज पटेल सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी मुख्य रूप से मंच पर मौजूद रहे।
पेपर लीक ने छात्रों का भविष्य अंधकार में धकेला, शिक्षा मंत्री दें इस्तीफा: शिवी चौहान
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए युवक कांग्रेस प्रदेश प्रभारी शिवीसिंह चौहान ने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार पर युवाओं और आम जनता की बुनियादी समस्याओं की घोर अनदेखी करने का सीधा आरोप लगाया। उन्होंने तीखे लहजे में कहा कि आज देश का करोड़ों शिक्षित युवा रोजगार की तलाश में दर-दर भटकने को मजबूर है। वहीं, दूसरी ओर बार-बार हो रहे पेपर लीक महाघोटालों ने दिन-रात मेहनत करने वाले होनहार छात्रों के भविष्य को पूरी तरह अंधकारमय बना दिया है।
चौहान ने आगे कहा कि युवक कांग्रेस इस राष्ट्रीय आंदोलन के माध्यम से लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों की नैतिक जिम्मेदारी तय करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग करेगी।
रसोई से लेकर दैनिक वस्तुएं तक महंगी, जनता की टूटी कमर
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बढ़ती महंगाई पर सरकार को घेरते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि आसमान छूती महंगाई ने आम आदमी और मध्यमवर्गीय परिवारों की कमर तोड़कर रख दी है। रसोई गैस से लेकर दैनिक उपयोग की सभी जरूरी वस्तुओं के दाम बेतहाशा बढ़ चुके हैं, जिससे गरीब परिवारों के लिए घर चलाना और दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करना भी मुश्किल हो गया है। इन जनहित के गंभीर मुद्दों को लेकर युवक कांग्रेस सड़क पर उतरकर जनता के हक की आवाज बुलंद करेगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिंब और प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया संभालेंगे मोर्चा
शिवी चौहान ने आंदोलन की रूपरेखा बताते हुए जानकारी दी कि रविवार को आयोजित होने वाले इस भव्य जनआक्रोश कार्यक्रम में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिंब और युवा कांग्रेस के मध्य प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया विशेष रूप से आलीराजपुर पहुंच रहे हैं। उनके साथ प्रदेश और जिले के कई कद्दावर जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और हजारों की संख्या में आक्रोशित कार्यकर्ता शामिल होंगे, जो पैदल मार्च निकालकर विभिन्न मुद्दों को लेकर कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेंगे।
युवक कांग्रेस के जिला व प्रदेश नेतृत्व ने आलीराजपुर जिले के समस्त पीड़ित युवाओं, बेरोजगारों, किसानों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे रविवार को होने वाले इस जनआक्रोश आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करें।




