बावनगजा में आज जुटेंगे पत्रकार: महर्षि नारद जयंती पर प्रेस क्लब बड़वानी की विशेष मीडिया संगोष्ठी, ‘पत्रिका’ के संपादक जितेंद्र सिंह चौहान होंगे मुख्य वक्ता

शेयर करे

बड़वानी 24 मई, 2026 |

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​महर्षि नारद जयंती के पावन उपलक्ष्य में प्रेस क्लब बड़वानी द्वारा आज एक विशेष मीडिया संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह गरिमामय कार्यक्रम रविवार (आज) प्रसिद्ध जैन तीर्थ स्थल बावनगजा (बड़वानी) में आयोजित होगा, जिसमें जिलेभर के पत्रकार और प्रबुद्धजन शामिल होंगे।

‘भारतीय मीडिया का नया युग’ विषय पर होगा मंथन

​प्रेस क्लब द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस वर्ष संगोष्ठी का मुख्य विषय “स्वदेशी दृष्टि, वैश्विक स्वर: भारतीय मीडिया का नया युग” रखा गया है। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में दैनिक समाचार पत्र ‘पत्रिका’ (खंडवा) के सम्मानीय संपादक श्री जितेंद्र सिंह चौहान शिरकत करेंगे। वे वर्तमान परिप्रेक्ष्य में भारतीय पत्रकारिता की दशा, दिशा और वैश्विक स्तर पर इसके बढ़ते प्रभाव को लेकर अपना विशेष व्याख्यान देंगे।

यह रहेगी कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा:

  • सुबह 10:00 बजे: मीडिया संगोष्ठी का विधिवत शुभारंभ और मुख्य वक्ता का संबोधन।
  • दोपहर 01:00 बजे: संगोष्ठी के समापन के बाद सभी उपस्थित जनों के लिए सहभोजन (भोजन प्रसाद) का आयोजन।
  • भोजन के पश्चात: प्रेस क्लब बड़वानी की साधारण सभा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें संगठन की आगामी गतिविधियों और पत्रकार हित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।

प्रेस क्लब ने की समय पर उपस्थित होने की अपील

​प्रेस क्लब बड़वानी के अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष सहित कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारियों ने जिले के सभी पत्रकार साथियों, छायाकारों और सदस्यों से इस वैचारिक अनुष्ठान में समय पर उपस्थित होने का विनम्र आग्रह किया है, ताकि संपूर्ण कार्यक्रम सुचारू और अनुशासित रूप से संपन्न हो सके।