बड़वानी 24 मई, 2026 |
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के बड़वानी संभाग के अंतर्गत आने वाले बड़वानी ग्रामीण वितरण केंद्र से एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। क्षेत्र के 33/11 KV सब स्टेशन ‘करी’ पर ‘एसएसटीडी’ (SSTD – सिस्टम स्ट्रेंथनिंग एंड टेक्निकल डेवलपमेंट) योजना के तहत अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर को सफलतापूर्वक चार्ज (स्थापित) कर दिया गया है। विद्युत कंपनी के इस बड़े कदम से ग्रामीण अंचल में बिजली संकट से बड़ी राहत मिलेगी।
करी क्षेत्र के 2520 उपभोक्ताओं को मिलेगी स्थायी राहत
विद्युत सब स्टेशन पर इस अतिरिक्त ट्रांसफार्मर के जुड़ने से अब सब स्टेशन का लोड आपस में बँट जाएगा। इसका सीधा लाभ करी क्षेत्र के करीब 2520 घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं को मिलेगा। अब ग्रामीणों और किसानों को लो-वोल्टेज की पुरानी समस्या और बार-बार होने वाली अवांछित ट्रिपिंग की झंझट से हमेशा के लिए परमानेंट मुक्ति मिल जाएगी।
पीक-ऑवर्स में भी मिलेगी बिना रुकावट बिजली, एसटीएम टीम ने दिखाया कमाल
इस क्षमता वृद्धि के बाद अब सब स्टेशन पर अधिक विद्युत भार (Load) को आसानी से नियंत्रित किया जा सकेगा, जिससे पीक-ऑवर्स (बिजली की सबसे ज्यादा खपत वाले समय) में भी निर्बाध और निरंतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी। इस पूरे जटिल कार्य को एसटीएम (सब ट्रांसमिशन एंड मेंटेनेंस) टीम द्वारा सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए पूरी तकनीकी दक्षता के साथ संपन्न किया गया। इस सफल परीक्षण और इंस्टॉलेशन कार्य के पूरे होने पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी अधिकारी-कर्मचारीगण को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।




