आलीराजपुर: विधानसभा में भाजपा पर बरसीं विधायक सेना पटेल, कहा- महिलाओं के नाम पर केवल दिखावे की राजनीति कर रही सरकार

शेयर करे

आलीराजपुर, 27 अप्रैल 2026। निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

मध्य प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र में भाग लेने पहुँचीं जोबट विधायक श्रीमती सेना महेश पटेल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। सदन के बाहर मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महिला हितैषी होने का केवल ढोंग कर रही है, जबकि महिलाओं को वास्तविक अधिकार देने का काम सदैव कांग्रेस ने किया है।

आरक्षण पर भाजपा के दोहरे चरित्र का खुलासा

विधायक सेना पटेल ने कहा कि यदि भाजपा सरकार वास्तव में महिलाओं की हितैषी है, तो उसे केवल निंदा प्रस्ताव का सहारा नहीं लेना चाहिए। सरकार को तत्काल लोकसभा की 543 और विधानसभा की 230 सीटों पर महिला आरक्षण लागू करने की स्पष्ट घोषणा करनी चाहिए। उन्होंने भाजपा के निंदा प्रस्ताव को केवल ‘राजनीतिक प्रपंच’ करार दिया।

कांग्रेस ने दी महिलाओं को असली पहचान: विधायक ने जोर देकर कहा कि पंचायत राज और नगरीय निकायों में महिलाओं को आरक्षण और नेतृत्व की अग्रिम पंक्ति में खड़ा करने का श्रेय कांग्रेस की दूरदर्शी नीतियों को जाता है। भाजपा केवल मंचों से सम्मान की बात करती है, लेकिन अधिकार देने के नाम पर पीछे हट जाती है।

पुरजोर विरोध का ऐलान: सेना पटेल ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस विधायक दल सदन के भीतर सरकार के इस दोहरे चरित्र और दिखावे की राजनीति का कड़ा विरोध करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं अब भाजपा के इस ‘प्रचार और प्रपंच’ को समझ चुकी हैं।