बड़वानी, 01 जनवरी 2026।
पेंशनर एसोसिएशन बड़वानी द्वारा आयोजित प्रांतीय पेंशनर दिवस समारोह बुधवार, 31 दिसंबर 2025 को ऐतिहासिक सफलता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बड़वानी विधानसभा क्षेत्र के विधायक माननीय राजन मंडलोई उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता सेवानिवृत्त प्राचार्य मंसूर खान ने की, जबकि कार्यक्रम का सफल और सारगर्भित संचालन मोहन पाटिल द्वारा किया गया।
वरिष्ठ जनों का सम्मान और आयुष विभाग का मार्गदर्शन
समारोह के दौरान एसोसिएशन द्वारा 75 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके 35 वरिष्ठ पेंशनरों का शाल, श्रीफल और पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय सम्मान किया गया। इस अवसर पर पेंशनरों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आयुष विभाग द्वारा एक विशेष सत्र आयोजित किया गया। जिला प्रभारी अधिकारी डॉ. निलेश मोरे के मार्गदर्शन में डॉ. वन्दना मंडलोई ने पेंशनर्स को औषधियों और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। विभाग के स्टाफ रतन सिंह डोडवा और चंदर सिंह कन्नौजे द्वारा लगभग 80 पेंशनरों के स्वास्थ्य संबंधी फॉर्म भी भरवाए गए।
समाजसेवियों का भी हुआ अभिनंदन
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक राजन मंडलोई एवं पेंशनर संघ द्वारा अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन के जिलाध्यक्ष व समाजसेवी अब्दुल सादिक चंदेरी एवं सचिव माजिद शेख बुंदेली का भी विशेष सम्मान किया गया।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
समारोह में विशेष अतिथि के रूप में खरगोन से राधेश्याम पाटीदार, सेवानिवृत्त सीएमएचओ डॉ. अब्दुल रशीद, डॉ. ओमप्रकाश यादव, डॉ. के.के. वास्कले (महेश्वर), कसरावद से अध्यक्ष सुभाषचंद्र दुबे, ऊन से बालकृष्ण डोंगरे, पानसेमल से विजयकुमार भार्गव, निवाली से एस.एस. पावरा, सेंधवा से त्रिलोकचंद सोनी, राजपुर से किरण सोनी, ठीकरी से विजयसिंह चौहान और अंजड़ से बाबूलाल वर्मा व आर.सी. केशरे उपस्थित रहे।
साथ ही पेंशनर सदस्य जी.आर. सूर्यवंशी, कैलाश कुमरावत, मनोहर सिंह दरबार, बालचंद गोयल, तुलसीराम कौशल, गोपाल तिवारी, रमेशचंद सोनाने, गोपाल माली, रामकुलेश्वर और महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष श्रीमती संतोष यादव, श्रीमती दुर्गा सोनी एवं श्रीमती सुषमा बाजपेयी सहित बड़ी संख्या में पेंशनर शामिल हुए।
सहभोज के साथ आभार प्रदर्शन
एसोसिएशन के अध्यक्ष विजयकुमार जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित अतिथियों और पेंशनर साथियों के लिए सहभोज का आयोजन किया गया। अंत में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और सोशल मीडिया के प्रतिनिधियों सहित सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन हुआ।








