बड़वानी राजघाट में माँ नर्मदा जन्मोत्सव की धूम, 1000 मीटर चुनरी और 30 हजार श्रद्धालुओं का होगा विशाल भंडारा

शेयर करे

बड़वानी, 23 जनवरी 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)

​माँ नर्मदा जन्मोत्सव एवं नर्मदा जयंती के पावन अवसर पर राजघाट स्थित रोहिणी तीर्थ और रेखा कुण्ड परिसर में इस वर्ष 35वां भव्य धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। माँ नर्मदा सेवा ट्रस्ट कुकरा एवं क्षेत्र के नर्मदा भक्तों द्वारा आयोजित यह दो दिवसीय महोत्सव 24 और 25 जनवरी को पूरी श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा।

सुंदरकांड और भजन संध्या से होगा आगाज

आयोजन समिति अध्यक्ष श्याम गुप्ता एवं सचिव अनिल जोशी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत 24 जनवरी, शनिवार शाम 7:30 बजे से होगी। माँ नर्मदा आश्रय स्थल परिसर में सुंदरकांड पाठ एवं भक्तिमय भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिससे पूरा तट भक्ति के रस में सराबोर होगा।

1000 मीटर लंबी चुनरी और महाभंडारा

मुख्य आयोजन 25 जनवरी, रविवार को संपन्न होगा। कार्यक्रम की रूपरेखा इस प्रकार है:

  • पूजन एवं अभिषेक: प्रातः 9 बजे माँ नर्मदा तट पर विधिवत पूजन।
  • चुनरी अर्पण: प्रातः 10 बजे माँ नर्मदा को 1000 मीटर लंबी भव्य चुनरी अर्पित की जाएगी।
  • महाप्रसादी: दोपहर 12 बजे से विशाल भंडारा प्रारंभ होगा, जिसमें लगभग 30 हजार श्रद्धालुओं के भोजन की व्यवस्था की गई है।
  • दीपदान: सायं 6 बजे हजारों दीपों के साथ भव्य दीपदान होगा, जिससे राजघाट के तट जगमगा उठेंगे।

पालकी यात्रा और कन्या पूजन

इस अवसर पर विशाल पालकी यात्रा, कन्या पूजन एवं कन्या भोज का भी आयोजन होगा। मनोरथी के रूप में तुलसीराम यादव (बिडारी परिवार) एवं विद्याभूषण शुक्ला परिवार का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है। आयोजन को सफल बनाने में नर्मदा सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष संजय पुरोहित, महेंद्र सिंह सोलंकी, राजेंद्र पाण्डे सहित आयोजन समिति के राकेश सिंह जाधव और राकेश यादव सक्रिय रूप से जुटे हैं।

​मीडिया प्रभारी आदित्य शर्मा, सचिन शर्मा और ईश्वर यादव ने समस्त क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में राजघाट पहुंचकर पुण्य लाभ लेने की अपील की है।