बड़वानी, 01 मार्च 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर ‘किसान कल्याण वर्ष’ के अंतर्गत एक अनूठी शुरुआत होने जा रही है। सोमवार, 2 मार्च को बड़वानी जिले के जनजातीय बहुल ग्राम नागलवाड़ी में प्रदेश की पहली ‘कृषि कैबिनेट’ आयोजित की जाएगी। मालवा-निमाड़ के प्रसिद्ध लोकदेवता भीलटदेव के आंगन में आयोजित होने वाली इस बैठक में मुख्यमंत्री सहित पूरा मंत्रिमंडल शामिल होगा और किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में ऐतिहासिक निर्णय लिए जाएंगे।
निमाड़ी ठाठ और लोकरंग में सजेगा कैबिनेट स्थल
पहली बार आयोजित हो रही इस कृषि कैबिनेट की तैयारियां पूरी तरह निमाड़ी शैली में की गई हैं। नागलवाड़ी मंदिर शिखर के नीचे बने डोम को निमाड़ के पारंपरिक घरों की शैली में सजाया गया है। कार्यक्रम स्थल पर निमाड़ के वाद्य यंत्र ढोल-मांदल और लोकजीवन के रंगों के साथ-साथ खेती-किसानी पर केंद्रित एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है।
भीलटदेव मंदिर में दर्शन और प्रबुद्धजन संवाद
लगभग 800 वर्ष पुराने प्राचीन भिलट देव मंदिर में कृषि कैबिनेट के बाद मुख्यमंत्री और सभी मंत्री दर्शन करेंगे। इसके उपरांत मुख्यमंत्री डॉ. यादव किसानों और प्रबुद्धजनों के साथ सीधा संवाद करेंगे। इस संवाद के जरिए जहाँ सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा की जाएगी, वहीं क्षेत्र के विकास के लिए किसानों की अपेक्षाओं को भी समझा जाएगा।
जुलवानिया के भगोरिया में थिरकेंगे मुख्यमंत्री
कैबिनेट बैठक और संवाद के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव और मंत्रि-परिषद के सदस्य जुलवानिया में आयोजित भगोरिया उत्सव में शामिल होंगे। यहाँ जनजातीय परंपराओं और संस्कृति की स्पष्ट झलक देखने को मिलेगी, जिसमें मुख्यमंत्री स्वयं लोक उत्सव का आनंद लेंगे।
निमाड़ी स्वाद: दाल-पानिये और अमाड़ी की भाजी का तड़का
आने वाले आगंतुकों और मंत्रियों के लिए निमाड़ के प्रसिद्ध व्यंजनों का खास प्रबंध किया गया है। भोजन में मुख्य रूप से:
- अमाड़ी की भाजी और मक्के की रोटी
- प्रसिद्ध दाल-पानिये और छाछ
- निमाड़ की मशहूर मिर्च के भजिये
- श्रीअन्न (मिलेट्स) से निर्मित कोदो का पुलाव और रागी की बालूशाही
आधुनिक सुविधाओं से लैस ‘डोम’ और ‘पैगोडा’
तैयारियों के लिए कुल 5 विशाल डोम और 12 से अधिक पैगोडा बनाए गए हैं। इनमें कृषि व जनजाति विभाग की प्रदर्शनी, कैबिनेट मीटिंग रूम, भोजन शाला और मीडिया ब्रीफिंग के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। यह आयोजन न केवल बड़वानी बल्कि पूरे निमाड़ क्षेत्र के विकास के लिए एक निर्णायक मोड़ साबित होगा।








