आलीराजपुर में गूँजा मिशन D3 का जयघोष — थोड़सिंधी में हुआ पंचायत स्तरीय सम्मान समारोह, समाज सुधार के नायकों का बढ़ा मान

शेयर करे

आलीराजपुर, 10 मार्च 2026

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी:ब्यूरो रिपोर्ट)

​आलीराजपुर जिले के सोंडवा थाना क्षेत्र के ग्राम थोड़सिंधी में ‘मिशन D3’ के तहत एक ऐतिहासिक पंचायत स्तरीय बैठक एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गाँव के पटेल, सरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण बुजुर्गों व युवाओं ने हिस्सा लेकर समाज सुधार का संकल्प दोहराया।

कुरीतियों के खिलाफ अलख जगाने वाले परिवारों का सम्मान

​कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण उन परिवारों का सम्मान रहा, जिन्होंने पिछले वर्ष मिशन के नियमों का पालन करते हुए विवाह संपन्न कराए। विनेश तोमर सहित अन्य परिवारों को समाज में सकारात्मक संदेश देने के लिए ग्राम पंचायत थोड़सिंधी मिशन D3 समिति द्वारा स्मृति चिन्ह और 4051-4051 रुपये की नगद राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।

बोले मिशन संस्थापक नितेश अलावा — अनावश्यक खर्च और कर्ज से मिल रही है मुक्ति

​मुख्य अतिथि और मिशन D3 के संस्थापक नितेश अलावा ने अपने संबोधन में कहा कि यह अभियान अब एक सफल सामाजिक क्रांति बन चुका है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस मिशन ने हजारों परिवारों को फिजूलखर्ची और भारी कर्ज के बोझ से बचाने का काम किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे समाज को जागरूक करने का यह सफर निरंतर जारी रखें।

क्रांतिकारी परिणामों पर हुई चर्चा

​ग्राम सरपंच प्रतिनिधि संदीप वास्कले ने पिछले वर्ष के सकारात्मक परिणामों को आंकड़ों के साथ प्रस्तुत किया। पूर्व सरपंच जेराम रावत और आदिवासी समाज जिलाध्यक्ष बहादुरसिंह रावत ने भी इस पहल को ऐतिहासिक बताते हुए समाज की तरक्की के लिए इसे स्थाई रूप से अपनाने की बात कही।

जननायक को नमन और ग्रामीणों की एकजुटता

कार्यक्रम की शुरुआत जननायक टंट्या भील की तस्वीर पर माल्यार्पण कर की गई। इस अवसर पर ग्राम पटेल रामसिंह वास्केला, ओझड़, वालपुर, ख़ामट और भीम बयडा ग्राम के सैकड़ों लोग शामिल हुए। अंत में आयोजन समिति ने सभी का आभार व्यक्त किया।