आलीराजपुर में कांग्रेस ने बाबा साहब की जयंती धूमधाम से मनाई, संविधान की रक्षा और सामाजिक न्याय का लिया संकल्प

शेयर करे

आलीराजपुर, 14 अप्रैल 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा मंगलवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तीखी इमली स्थित अंबेडकर नगर पहुँचकर बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरा क्षेत्र “बाबा साहब अमर रहें” के नारों से गुंजायमान रहा।

शिक्षा और समानता ही सशक्तिकरण का आधार: विधायक सेना पटेल

​कार्यक्रम के दौरान जोबट विधायक एवं नगरपालिका अध्यक्ष सेना महेश पटेल ने बाबा साहब के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा, समानता और न्याय के माध्यम से देश को एक नई दिशा प्रदान की है। उनके विचार आज भी समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने की प्रेरणा देते हैं। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओमप्रकाश राठौर ने बाबा साहब के जीवन को संघर्ष और त्याग का प्रतीक बताते हुए उनके सिद्धांतों पर चलने का आह्वान किया।

संविधान रक्षा की ली शपथ और बच्चों को बाँटी खुशियाँ

​कांग्रेस जनों ने इस अवसर पर एक स्वर में भारतीय संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्धता जताई। नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र, न्याय और समानता के मूल्यों को अक्षुण्ण बनाए रखना ही बाबा साहब को सच्ची श्रद्धांजलि है। जयंती के उल्लास के बीच बच्चों को मिठाई और बिस्कुट वितरित किए गए, जिससे नन्हे-मुन्नों के चेहरों पर भी भारी उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

इस गौरवशाली अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजेंद्र टवली, साहनी मकरानी, सुरेश सारडा, तरुण मंडलोई, हाजी इसामुद्दीन मंसूरी, अंगरसिंह चौहान, गजेंद्र सोलंकी, राहुल माली, किशन मंडलोई और प्रकाश बघेल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।