कसरावद, 14 अप्रैल 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (अनीस खान – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर देवदत्त एक्कल मित्र मंडल के तत्वावधान में कसरावद में विराट निमाड़ी हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक संध्या में निमाड़ और प्रदेश के विभिन्न शहरों से आए कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा।
बेटियों के स्वाभिमान और ग्रामीण संवेदनाओं का संगम
कार्यक्रम का शुभारंभ इंदौर की कवयित्री ललिता लहर ने सरस्वती वंदना से किया। उन्होंने अपनी कविता के जरिए बेटियों के आत्मविश्वास को स्वर देते हुए खूब तालियां बटोरीं। वहीं, सनावद के सुप्रसिद्ध कवि दीपक पगारे ने ग्रामीण जीवन की संवेदनाओं को अपने गीतों में पिरोया और राजनीतिक व्यंग्य से श्रोताओं को गुदगुदाया।
निमाड़ी ठहाकों के बीच सामाजिक संदेश
बुरहानपुर के कृष्णपाल सिंह राजपूत और करही के राजू वर्मा ने अपनी निमाड़ी बोली और व्यंग्य के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार किया। कवियों ने बाबा साहब के बराबरी और शिक्षा के सपने को साकार करने का संदेश दिया। सनावद के डॉ. शैलेंद्र चौकड़े ने जहाँ हास्य से लोटपोट किया, वहीं माँ पर मार्मिक कविता सुनाकर वातावरण को भावुक कर दिया।
संविधान और देशभक्ति के स्वर
कार्यक्रम का सफल संचालन मनावर के रामजी परिंदा ने किया, जिन्होंने पंचशील सिद्धांतों और संविधान के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम के सूत्रधार गौतम रावल ने संत सियाराम बाबा और डॉ. अंबेडकर पर आधारित काव्य पाठ किया। उन्होंने वीर रस की कविताओं से युवाओं में देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का जोश भरा।
आयोजक देवदत्त एक्कल ने सभी अतिथि कवियों का स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे, जिन्होंने देर रात तक काव्य रस का आनंद लिया।





