कसरावद, 15 अप्रैल 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (अनीस खान – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में कसरावद के महर्षि वेद व्यास पब्लिक हायर सेकंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नगर का नाम रोशन किया है। कक्षा 12वीं का परिणाम शत-प्रतिशत रहा, वहीं कक्षा 10वीं की छात्रा राधिका यादव ने तहसील स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर गौरव बढ़ाया है।
10वीं में राधिका और 12वीं में निधि ने किया टॉप
संस्था के परीक्षा परिणामों में कक्षा 10वीं की छात्रा राधिका राजेंद्र यादव ने 96% अंक प्राप्त कर कसरावद तहसील में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी कक्षा में इंशिरा मुबारक खान ने 94% के साथ द्वितीय और मानसी सुनील कुशवाह ने 90% अंक लेकर तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा 12वीं (बायो संकाय) में कु. निधि अमरसिंह यादव ने 93% अंक प्राप्त कर संस्था में प्रथम स्थान पाया। निधि पूर्व में 10वीं बोर्ड में भी खरगोन जिले में प्रथम स्थान पर रही थीं। वहीं, सलोनी जितेंद्र यादव 92% अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहीं।
विभिन्न संकायों में विद्यार्थियों का दबदबा
कृषि संकाय में सुमित पटेल (88%) प्रथम और राघव पटेल (82%) द्वितीय स्थान पर रहे। कॉमर्स संकाय में वंशिका गजेंद्र सिंह राठौर ने 76% अंक प्राप्त कर प्रथम और विशाल पटेल ने 71% अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। संस्था के अकादमिक डायरेक्टर राजेश व्यास ने बताया कि कक्षा 12वीं के 67 विद्यार्थियों में से 25 छात्र-छात्राओं को शासन की मेधावी छात्र योजना के तहत लैपटॉप की पात्रता मिली है।
शिक्षकों के समर्पण और विद्यार्थियों के परिश्रम की जीत
सफलता के इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष श्री निलेश व्यास एवं संचालक व अधिवक्ता श्री ब्रजेश कुमार व्यास ने विद्यार्थियों को माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षकों के मार्गदर्शन और पालकों के सहयोग को इस सफलता का आधार बताया गया। इस दौरान शिक्षक रवींद्र गुर्जर, श्रीमती मीना भाटी, सावन सर, हेमंत गांगले सहित समस्त स्टाफ और अभिभावक उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों की शानदार उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।










