बड़वानी में पुनर्वास की दिशा में बड़ी उपलब्धि कलेक्टर ने सौंपी 1000वीं रजिस्ट्री

शेयर करे

बड़वानी, 17 अप्रैल 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​बड़वानी जिले में नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (NVDA) के पुनर्वास स्थलों पर भूखंडों के आवंटन और उनके दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया ने एक ऐतिहासिक पड़ाव पार कर लिया है। जिले में अब तक 1000 से अधिक रजिस्ट्रियां सफलतापूर्वक संपन्न की जा चुकी हैं, जो विस्थापित परिवारों के पुनर्वास की दिशा में एक बड़ी सफलता है।

​कलेक्टर ने स्वयं सौंपी 1000वीं रजिस्ट्री

​इस विशेष उपलब्धि के अवसर पर कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने स्वयं उपस्थित होकर हितग्राहियों को उनके भूखंड के स्वामित्व के दस्तावेज सौंपे। कलेक्टर ने पक्षकार श्री जगदीश पिता शंकर को जिले की 1000वीं रजिस्ट्री भेंट की। इसके साथ ही एक अन्य पक्षकार मेदा बाई को भी उनके भूखंड की रजिस्ट्री प्रदान की गई। अपने हाथों में मालिकाना हक के दस्तावेज पाकर हितग्राहियों के चेहरे खिल उठे।

​अधिकारियों को समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश

​दस्तावेज सौंपने के दौरान कलेक्टर श्रीमती सिंह ने राजस्व और पुनर्वास विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शेष बचे हुए सभी पात्र परिवारों की रजिस्ट्रियां भी निर्धारित समय सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण की जाएं। उन्होंने प्रक्रिया में तेजी लाने और पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।

​हितग्राहियों का फूल-मालाओं से स्वागत

​कार्यक्रम के दौरान जिला पुनर्वास अधिकारी श्री भूपेन्द्र रावत ने रजिस्ट्री प्राप्त करने आए पक्षकारों का उत्साहवर्धन किया। विभाग द्वारा हितग्राहियों का फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर पुनर्वास विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस लक्ष्य को प्राप्त करने में अपना सहयोग दिया।