बच्चों की सुरक्षा समाज की जिम्मेदारी कसरावद पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाकर नागरिकों को किया जागरूक

शेयर करे

कसरावद, 19 अप्रैल 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (अनीस खान, ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​पुलिस महानिरीक्षक इंदौर जोन (ग्रामीण) श्री अनुराग जी के निर्देशानुसार, कसरावद पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों और सार्वजनिक स्थलों पर बाल विवाह, महिला सुरक्षा, साइबर क्राइम एवं यातायात नियमों को लेकर वृहद जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक खरगोन श्री रविन्द्र वर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती शकुंतला रुहल के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य समाज में बच्चों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना है।

​इन क्षेत्रों में आयोजित हुए कार्यक्रम

​एसडीओपी मंडलेश्वर सुश्री श्वेता शुक्ला के मार्गदर्शन और थाना इंचार्ज उप निरीक्षक महेश यादव के नेतृत्व में आयोजित इन कार्यक्रमों में लगभग 350 महिला, पुरुष एवं बच्चे उपस्थित रहे। पुलिस टीम ने कसरावद कृषि उपज मंडी, नावड़ा तोड़ी, ग्राम बोरावां, मूलठान, हीरापुर, बडगांव, जेल रोड, छोटी कसरावद और बस स्टैंड पर नागरिकों से सीधा संवाद किया।

​”गुड टच-बैड टच” और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी

​अभियान के दौरान बच्चों को “गुड टच-बैड टच” के बारे में विस्तार से समझाया गया। साथ ही साइबर अपराध, महिला अपराध, बाल विवाह की रोकथाम, दहेज प्रताड़ना और पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। पुलिस ने यातायात नियमों का पालन करने और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय भी साझा किए।

​हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने की अपील

​बच्चों और महिलाओं को निर्देशित किया गया कि किसी भी असुरक्षित स्थिति या दुर्व्यवहार का सामना करने पर वे तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112, साइबर हेल्पलाइन 1930, महिला हेल्पलाइन 1090 या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दें। पुलिस विभाग का यह प्रयास नाबालिगों के खिलाफ अपराधों पर नियंत्रण पाने और गुमशुदा बच्चों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की दिशा में एक ठोस कदम माना जा रहा है।