कसरावद, 20 अप्रैल 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (अनीस खान – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
कसरावद में अखिल भारतीय राजपूत सामूहिक विवाह सम्मेलन के 30वें वर्ष का आयोजन अत्यंत भव्य और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर 41 जोड़ों का सामूहिक विवाह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ, जिसने समाज में एकता, सहयोग और संस्कारों की मजबूत परंपरा को एक बार फिर जीवंत कर दिया।
5 करोड़ की लागत से बनेगा महाराणा प्रताप रिसॉर्ट
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10 बजे श्री महाराणा प्रताप रिसॉर्ट के कॉलम के भूमि पूजन के साथ हुई। लगभग 5 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाला यह रिसॉर्ट आने वाले समय में क्षेत्र के सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
वरिष्ठों ने सराहा कार्यकर्ताओं का परिश्रम
समिति के अध्यक्ष श्री दशरथ सिंह पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि इस आयोजन को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं ने पिछले दो महीनों से अथक परिश्रम किया है। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समाज के वरिष्ठ सदस्य श्री कैलाश सिंह दरबार ने कहा कि समाजजनों का निरंतर सहयोग और समर्पण ही इस आयोजन की सफलता का मुख्य आधार है।
विधायक सचिन यादव ने की 25 लाख के सहयोग की घोषणा
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व विधायक आत्माराम पटेल ने 30 वर्षों से निरंतर चल रही इस प्रेरणादायक परंपरा की सराहना की। वहीं, वर्तमान विधायक श्री सचिन यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह सम्मेलन और प्रस्तावित रिसॉर्ट पूरे निमाड़ अंचल के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने रिसॉर्ट निर्माण के लिए 25 लाख रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा की, जिसका उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ स्वागत किया।
कार्यक्रम के अंत में समिति अध्यक्ष श्री दशरथ सिंह पटेल ने सभी अतिथियों, दानदाताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। यह आयोजन समाज की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का एक बड़ा उत्सव बनकर उभरा।





