बड़वानी पुलिस का नवाचार: अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कंचन दीक्षित की मौजूदगी में संपन्न हुआ कबड्डी का फाइनल, बड़वानी टीम बनी विजेता

शेयर करे

बड़वानी, 20 अप्रैल 2026

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व में आयोजित पुलिस खेल महोत्सव “उत्साह नया – खेलें युवा 2026” युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और उनकी प्रतिभा को निखारने का एक सशक्त माध्यम बन गया है। इसी कड़ी में “प्रथम पुलिस प्रीमियर लीग (PPL)” के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य समापन सोमवार को शुभम् पैलेस में हुआ।

रोमांचक मुकाबले में बड़वानी ने मारी बाजी

​प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला थाना बड़वानी और थाना जुलवानिया के बीच खेला गया। बड़वानी की टीम ने थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन के नेतृत्व में शानदार तालमेल और कौशल का परिचय देते हुए खिताबी जीत हासिल की। वहीं जुलवानिया की टीम ने भी कड़ा संघर्ष करते हुए दर्शकों का दिल जीता। सेमीफाइनल में बड़वानी, वरला, पानसेमल और जुलवानिया की टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली।

स्वर्ण पदक विजेता कंचन दीक्षित ने बढ़ाया उत्साह

​कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी एवं विक्रम अवार्ड से सम्मानित कंचन दीक्षित ने महिला खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल के माध्यम से वे जिला और देश का नाम रोशन करें। उन्होंने एशियाई स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने के अपने अनुभव साझा किए और बड़वानी पुलिस के इस नवाचार की सराहना की। कार्यक्रम में नेशनल खिलाड़ी दीक्षा मारू भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

ट्रॉफी और पुरस्कारों से नवाजी गईं खिलाड़ी

​विजेता एवं उपविजेता टीमों को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी प्रदान की गई। विजेता टीम को श्री जितेंद्र जैन की ओर से 1100 रुपये का नगद पुरस्कार भी दिया गया। पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच समन्वय स्थापित करना और खेल भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने घोषणा की कि 1 मई से पुलिस परिवार के बच्चों के लिए ‘पुलिस समर कैंप’ का शुभारंभ किया जाएगा।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

​इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी श्री महेश सुनैया, एसडीओपी राजपुर श्री आयुष अलावा, डीएसपी अजाक श्रीमती निलेश्वरी डावर, रक्षित निरीक्षक चेतन बघेल सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी, खेल विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन श्री अनिल जोशी द्वारा किया गया।