बड़वानी, 23 अप्रैल 2026। निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
बड़वानी नगर में सिवरेज लाईन के घटिया निर्माण को लेकर अब विधायक राजन मण्डलोई ने कड़ा रुख अपनाया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा सौंपे गए ज्ञापन पर तत्काल संज्ञान लेते हुए विधायक ने कलेक्टर बड़वानी को पत्र लिखकर निर्माण एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
NGT के नियमों की सरेआम अनदेखी: सिर्फ 6 इंच का फासला
विधायक राजन मण्डलोई ने कलेक्टर को भेजे पत्र में स्पष्ट किया कि रणजीत क्लब के समीप निर्माणाधीन सिवरेज लाईन के कार्य में NGT (नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल) के आदेशों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। नियमों के अनुसार सिवरेज और पेयजल लाईन को पास-पास नहीं बिछाया जा सकता, जबकि यहाँ दोनों के बीच 6 इंच से भी कम का अंतर है, जिसके फोटो साक्ष्य के रूप में संलग्न किए गए हैं।
कल सुबह 11 बजे होगा बड़ा निरीक्षण: विधायक ने नगर पालिका परिषद बड़वानी को भी पत्र लिखकर निर्देश दिए हैं कि दिनांक 24 अप्रैल 2026 को प्रातः 11:00 बजे सिवरेज निर्माण कार्यों का संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा।
इन 8 बिंदुओं पर होगी जांच:
निरीक्षण के दौरान विधायक स्वयं 8 प्रमुख बिंदुओं पर कार्य की गुणवत्ता की जांच करेंगे। इस दौरान नगर पालिका अधिकारी, इंजीनियर और ठेकेदार कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
कांग्रेस की रैली और प्रदर्शन: इससे पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष बाबूलाल कोटवाल के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कारंजा चौराहे से कलेक्ट्रेट तक विशाल मोटरसाइकिल रैली निकाली थी। इस दौरान पूर्व नपा अध्यक्ष लक्ष्मण चौहान, मनेन्द्र रायसिंग पटेल (बिट्टू), सुनील यादव सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







