बड़वानी, 23 अप्रैल 2026। निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
बड़वानी नगर में निर्माणाधीन सिवरेज लाईन के घटिया और नियम विरुद्ध कार्यों के विरोध में गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन के खिलाफ बड़ा मोर्चा खोल दिया। ब्लॉक अध्यक्ष बाबूलाल कोटवाल के नेतृत्व में नगर के कारंजा चौराहा पर सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए और एक विशाल मोटरसाइकिल वाहन रैली के रूप में कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। यहाँ कार्यकर्ताओं ने निर्माण एजेंसी और नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर आक्रोश व्यक्त किया।
विधानसभा में गूँजा मुद्दा, साक्ष्यों के साथ की शिकायत
ज्ञापन का वाचन जितेन्द्र जैन द्वारा किया गया। इसमें विधायक राजन मंडलोई द्वारा विधानसभा में सिवरेज लाईन के घटिया कार्यों को लेकर पूछे गए प्रश्नों का उल्लेख किया गया। कांग्रेस ने कलेक्टर को साक्ष्य के तौर पर निर्माण कार्यों के फोटोग्राफ, समाचार पत्रों की कतरनें और नियमों की अवहेलना से संबंधित दस्तावेज भी सौंपे हैं।
NGT के नियमों की सरेआम धज्जियां: ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के स्पष्ट निर्देश हैं कि सिवरेज लाईन और पेयजल पाइपलाइन एक साथ नहीं बिछाई जा सकती, लेकिन रणजीत क्लब के सामने निर्माण एजेंसी खुलेआम इन नियमों की अवहेलना कर रही है।
जेसीबी से अवैध खुदाई पर पार्षद का एक्शन: रणजीत चौक पर कंक्रीट रोड को कटर मशीन के बजाय सीधे जेसीबी से तोड़ा जा रहा था। इसकी जानकारी मिलते ही वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद सचिन शर्मा ने मौके पर पहुंचकर रात में ही काम रुकवा दिया।
भविष्य में बढ़ेगा दुर्घटनाओं का खतरा:
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि सिवरेज चेम्बर्स के दोनों तरफ प्लास्टर नहीं किया जा रहा है और न ही मिट्टी की सही से कुटाई की जा रही है। निर्माण के बाद नियमित पानी से तराई भी नहीं हो रही है, जिससे भविष्य में ये चेम्बर धंस सकते हैं और बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति: ज्ञापन के दौरान पूर्व नपा अध्यक्ष लक्ष्मण चौहान, पूर्व जनपद अध्यक्ष मनेन्द्र रायसिंग पटेल (बिट्टू), विधायक प्रतिनिधि सुनील यादव, हाज़ी अबू रहीम तिगाले, विवेक शर्मा, शकील खान, शौकत अली मंसूरी, अविनाश आर्य, नपा नेता प्रतिपक्ष राकेश जाधव, पार्षद सचिन शर्मा, बाबू धनगर, मुजिफ कुरैशी, हेमंत कुमावत, कैलाश सोलंकी, विष्णु बनड़े, अशोक गोले, कय्यूम कुरैशी, अंकुर सोनी, नितिन यादव, असलम जोय, अरुण यादव, दीप गेहलोत, रोहित यादव सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।








