आलीराजपुर, 24 अप्रैल 2026। निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
आलीराजपुर जिले के ग्राम फड़तला क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर आदिवासी ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। ग्राम फड़तला मिडिल स्कूल से नेवा माता वाया थोड़ सिंधी मार्ग (लगभग 1.50 किमी) के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है।
अधिकारियों पर आवेदन न लेने और टालमटोल का आरोप
ग्रामीणों का गंभीर आरोप है कि लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्यपालन यंत्री और एसडीओ ने राजनीतिक दबाव में आकर उनका आवेदन तक लेने से मना कर दिया और उन्हें कार्यालय से भगा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क वर्षों से उपेक्षित है, जिससे बच्चों की शिक्षा, मरीजों के उपचार और दैनिक आवागमन में गंभीर कठिनाइयाँ आ रही हैं।
आदिवासी नेता महेश पटेल को सौंपा ज्ञापन: लोक निर्माण विभाग के रवैये से क्षुब्ध ग्रामीणों ने मध्यप्रदेश आदिवासी विकास परिषद के उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ आदिवासी नेता महेश पटेल को सामूहिक रूप से ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी वे मूलभूत विकास से वंचित हैं।
बड़ी चेतावनी: मंगलवार को होगा कलेक्ट्रेट और PWD का घेराव
आदिवासी नेता महेश पटेल ने ग्रामीणों की मांग को जायज ठहराते हुए प्रशासन को खुली चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण कलेक्टर कार्यालय में आवेदन करेंगे और उसके बाद लोक निर्माण विभाग कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
विकास की राह देखता फड़तला: गौरतलब है कि शासन द्वारा स्वीकृत निर्माण कार्य में भी कथित रूप से अनियमितता बरती जा रही है। पूर्ण लंबाई के बजाय आंशिक निर्माण की बात सामने आने से ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। सड़क जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव आज भी शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।




