आलीराजपुर, 24 अप्रैल 2026। निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 आगामी 26 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। आलीराजपुर जिला मुख्यालय पर इसके लिए 4 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए आयोग ने इस बार त्रिस्तरीय सुरक्षा और जांच प्रणाली लागू की है।
दो सत्रों में होगी परीक्षा: समय का रखें विशेष ध्यान
परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम सत्र प्रातः 10:00 से 12:00 बजे तक और द्वितीय सत्र दोपहर 02:15 से 04:15 बजे तक रहेगा। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 90 मिनट पूर्व केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है ताकि बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण और मेटल डिटेक्टर से जांच की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
इन वस्तुओं पर रहेगा कड़ा प्रतिबंध: परीक्षा हॉल में मोबाइल, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ-साथ बैग, पर्स, बेल्ट, घड़ी, धूप का चश्मा और टोपी ले जाना पूरी तरह वर्जित है। परीक्षार्थियों को जूते-मोजे पहनकर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी, वे केवल चप्पल या सैंडल पहनकर ही आ सकेंगे। चेहरे को ढंककर प्रवेश करना भी प्रतिबंधित रहेगा।
धार्मिक आस्था और गरिमा का रखा जाएगा ध्यान:
महिला परीक्षार्थियों की जांच महिला कर्मियों द्वारा गरिमापूर्ण तरीके से की जाएगी। धार्मिक आस्था से जुड़ी वस्तुएं जैसे हिजाब, पगड़ी, कलावा या ताबीज का सूक्ष्म परीक्षण किया जाएगा, लेकिन उन्हें हटाने या नुकसान पहुँचाने की अनुमति नहीं होगी। ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों को अपनी सुविधा अनुसार जांच का विकल्प दिया जाएगा।
प्रशासन की अपील: जिला प्रशासन और आयोग ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें और परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में सहयोग करें। केवल बॉलपेन, प्रवेश पत्र, पहचान पत्र और पारदर्शी पानी की बोतल ही अंदर ले जाने की अनुमति होगी।




