आलीराजपुर 08 मई, 2026 | निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
आलीराजपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार ग्रामीणों की समस्याओं का उनके गांव में ही निराकरण सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन अब सीधे जनता के बीच पहुँच रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर नीतू माथुर ने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सोंडवा विकासखंड के ग्राम वालपुर में गुरुवार रात ‘रात्रि चौपाल’ और ‘खाटला बैठक’ का आयोजन किया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य अंतिम छोर पर बसे लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका मौके पर समाधान करना और उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी देना है।
अस्पताल में डॉक्टर की अनुपस्थिति पर भड़कीं कलेक्टर
ग्रामीणों द्वारा शिकायत की गई कि स्थानीय सरकारी अस्पताल में डॉक्टर नियमित रूप से नहीं बैठते हैं, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित डॉक्टर को तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पीएचई विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र का दौरा कर पेयजल संकट का प्राथमिकता से निराकरण करने के आदेश दिए।
हर महीने आयोजित होगी गांव में बैठक
कलेक्टर नीतू माथुर ने चौपाल में आए एक-एक ग्रामीण की बात सुनी और उनके लिखित आवेदन लिए। ग्रामीणों ने मुख्य रूप से आवास योजना, पेयजल, समग्र आईडी और नामांतरण-बंटवारे से जुड़ी समस्याएं बताईं। कलेक्टर ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि ऐसी बैठकें अब हर महीने आयोजित की जाएंगी, ताकि लोगों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी आवेदनों के निराकरण के बाद इसकी समीक्षा भी की जाएगी।
सरकारी योजनाओं का हुआ वाचन
रात्रि चौपाल के दौरान विभिन्न विभागीय अधिकारियों ने अपनी-अपनी योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी। प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों की सूची का सार्वजनिक वाचन किया गया ताकि पारदर्शिता बनी रहे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को वर्तमान में चल रही भीषण गर्मी और लू (तापघात) से बचाव के उपाय भी बताए। कलेक्टर ने इस दौरान आंगनवाड़ियों, स्कूलों और उचित मूल्य की दुकानों के संचालन की जमीनी हकीकत भी जानी।
प्रमुख जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण रात्रि चौपाल में जिला पंचायत अध्यक्ष हजरीबाई खरत, जिला पंचायत सीईओ संघमित्रा गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि जयपाल खरत, संयुक्त कलेक्टर एवं एसडीएम मनोज गरवाल, डिप्टी कलेक्टर तपीस पांडे सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।





