कसरावद 20 मई, 2026 |
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (अनीस खान – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
कसरावद नगर में सांप्रदायिक सौहार्द और हिंदू-मुस्लिम एकता के प्रतीक हजरत गंज शाह वली रहमतुल्लाह अलैह (डिपो वाले बाबा) का दो दिवसीय उर्स मुबारक बड़े ही अकीदत और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। हिंदू-मुस्लिम एकता कमेटी के बैनर तले आयोजित इस उर्स के पहले दिन नगर में भव्य चादर शरीफ का जुलूस निकाला गया।
बैंडबाजों के साथ निकला चादर शरीफ का जुलूस
एकता कमेटी के सदर तस्लीम खान और नायब सदर नईम शेख (पत्रकार) ने बताया कि उर्स के पावन मौके पर बड़वानी बैंक के सामने से गाजे-बाजे और बैंडबाजों के साथ चादर शरीफ का जुलूस पूरी अकीदत के साथ निकाला गया। यह जुलूस नगर के मुख्य मार्गों से होता हुआ बाबा के आस्ताने (दरगाह) पहुंचा, जहां कमेटी और अकीदतमंदों द्वारा मजार शरीफ पर चादर पेश की गई और मुल्क में अमन-चैन की दुआएं मांगी गईं। दरगाह परिसर में उर्स कमेटी के सदस्यों का फूल-मालाओं से आत्मीय स्वागत भी किया गया।
आज रात नगर परिषद परिसर में गूंजेंगे सूफियाना कलाम
उर्स के दूसरे दिन 20 मई बुधवार (आज) रात 9:00 बजे से नगर परिषद परिसर में एक भव्य कव्वाली के मुकाबले का आयोजन किया जा रहा है। इस शानदार महफिल में गुजरात के मशहूर कव्वाल सिराज चिश्ती और राजस्थान की जानी-मानी कव्वाला सिमरन सूफी के बीच कड़ा मुकाबला होगा, जो अपने-अपने सूफियाना और नातिया कलाम पेश करेंगे। उर्स कमेटी ने तमाम अकीदतमंदों से इस रूहानी महफिल में शामिल होने की अपील की है।





