कसरावद 28 मई, 2026 |
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (अनीस खान – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
युवा पीढ़ी को अपनी गिरफ्त में ले रहे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ खरगोन पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस महानिरीक्षक इंदौर जोन (ग्रामीण) श्री अनुराग जी के निर्देशों पर पुलिस अधीक्षक खरगोन श्री रविन्द्र वर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती शकुंतला रुहल द्वारा जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कसरावद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध गांजे के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
संतोषी माता मंदिर के पास घेराबंदी कर दबोचा
थाना प्रभारी कसरावद निरीक्षक राजेंद्र बर्मन ने बताया कि पुलिस टीम को विश्वसनीय मुखबिर से गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि नयानगर वार्ड क्रमांक 05 में संतोषी माता मंदिर के पास एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ बेचने की नीयत से खड़ा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मण्डलेश्वर सुश्री श्वेता शुक्ला के मार्गदर्शन में तत्काल पुलिस टीम का गठन कर मुखबिर के बताए स्थान पर रवाना किया गया। पुलिस टीम ने सूझबूझ से घेराबंदी कर मौके से संदेही शंकर पिता ताराचंद यादव को हिरासत में लिया।
प्लास्टिक की थैली से मिला 11 हजार का गांजा
पुलिस टीम द्वारा तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक प्लास्टिक की थैली बरामद हुई, जिसमें मादक पदार्थ गांजा भरा हुआ था। गवाहों और पंचों की उपस्थिति में जब मादक पदार्थ की जांच और तौल कराया गया, तो उसके पास से कुल 510 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 11,000 रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने अवैध गांजे को जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना कसरावद में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 8/20 के तहत गंभीर प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
- नाम: शंकर पिता ताराचंद यादव (जाति गवली)
- उम्र: 49 वर्ष
- निवासी: वार्ड क्रमांक 05 नयानगर, थाना कसरावद (जिला खरगोन)
कार्रवाई में शामिल सराहनीय पुलिस टीम:
नशे के सौदागरों के खिलाफ की गई इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र बर्मन के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रीना एक्का, सहायक उपनिरीक्षक मोहन सिंगला, प्रधान आरक्षक महेश मालवीय तथा आरक्षक हरिओम, महेन्द्र ठाकुर, राकेश चौहान, बुदन कटारे, सौरभ बघेल एवं महिला आरक्षक रेखा मुवेल का विशेष और सराहनीय योगदान रहा।





