कसरावद 17 मई, 2026 |
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (अनीस खान – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
नगर के खरगोन मार्ग स्थित साई मंदिर परिसर में विराजित श्री कष्ट भंजन हनुमान मंदिर में शनिवार को श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। अवसर था डोडगली अमावस्या और श्री शनि देव महाराज के जन्मोत्सव का, जिसे लेकर मंदिर परिसर में संगीतमयी सुंदरकांड पाठ एवं भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े और देर रात तक पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
सुमधुर भजनों की प्रस्तुति पर झूम उठे भक्त
श्री साई मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में नगर की ‘श्री चिंतामणी हनुमान सुंदरकांड भजन मंडल’ के सदस्यों ने अपनी संगीतमयी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। सुंदरकांड की चौपाइयों के साथ-साथ जब कलाकारों ने भजनों की कड़ियां जोड़ीं, तो श्रद्धालु भावविभोर हो गए।
भजन मंडली द्वारा प्रस्तुत सुमधुर भजनों— “शंकर भोलेनाथ है हमारा तुम्हारा”, “दीवाना तेरा आया”, “बाबा तेरी शिर्डी में” एवं “एक फूल गुलाब का लाया हूं बाबा तेरे दर्शन के लिए” पर श्रद्धालु खुद को रोक नहीं पाए और झूमकर नाचने लगे। वाद्य यंत्रों की थाप और मधुर स्वर लहरियों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
महाआरती के बाद हुआ सामूहिक भोज
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान की भव्य महाआरती कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके पश्चात सभी भक्तों को प्रसादी का वितरण किया गया और सामूहिक भोज (भंडारे) का आयोजन भी हुआ। इस सफल और भव्य धार्मिक आयोजन में नगर के श्रद्धालुओं सहित समिति के सभी सदस्यों की सक्रिय एवं सराहनीय सहभागिता रही।





