बड़वानी 17 मई, 2026 |
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
ताज नूर उर्स कमेटी के तत्वावधान में ग्राम बड़गांव स्थित हजरत बाबा ताजुद्दीन वली रहमतुल्लाह अलैह के मजार शरीफ पर ‘उर्स ए ताज 2026’ का मजहबी अकीदत और उत्साह के साथ आगाज़ हो गया है। उर्स को लेकर बड़गांव में जायरीनों की भारी भीड़ उमड़ रही है.
कुरानखानी और चादर शरीफ के साथ हुई शुरुआत
उर्स का शुभारंभ नमाज़े असर के बाद पवित्र कुरानखानी से किया गया। इसके बाद मजार शरीफ पर अकीदत की चादर पेश की गई और बारगाह में दुआएं मांगी गईं। रविवार को मजार परिसर में विशाल लंगर प्रसादी (भंडारे) का एहतमाम किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में आम और खास जायरीनों ने शिरकत कर तबर्रुक हासिल किया।
सोमवार (कल) भी रहेगा लंगर; रात में गूंजेंगी सूफियाना कव्वालियां
उर्स के तीसरे दिन, सोमवार 18 मई को ‘गुलामाने ताज तामीरी कमेटी’ की तरफ से विशेष लंगर प्रसादी का एहतमाम किया जाएगा।
इसके बाद, उर्स कमेटी के मोहम्मद यूसुफ शेख ‘बाबा टेंट’ ने बताया कि 18 मई सोमवार (कल) को नमाज़े ईशा के बाद भव्य ‘महफिले शमा कव्वाली’ का आयोजन किया जाएगा। इस महफिल में सूफियाना कलाम पेश करने के लिए जयपुर (राजस्थान) से इंटरनेशनल कव्वाल नदीम जाफर और इकबाल वारसी विशेष रूप से तशरीफ ला रहे हैं। कव्वाली के शानदार दौर के बाद उर्स का मुकम्मल समापन किया जाएगा।
कमेटी पदाधिकारियों ने किया जायरीनों का इस्तकबाल
यह पूरा कार्यक्रम ताज नूर उर्स कमेटी बड़वानी के जेरे-एहतमाम और सुन्नत मुस्लिम जमात व दारुल क़ज़ात बड़वानी की जेरे-निगरानी में पूरी अकीदत के साथ मनाया जा रहा है।
जिम्मेदार मेंबर्स रहे मौजूद
मुबारक मौके पर उर्स कमेटी सदर रईस शेख एवं उनकी टीम के जिम्मेदार मेंबर्स— मोहम्मद यूसुफ शेख, नवीश कुरैशी, सुन्नत मुस्लिम जमात व दारुल क़ज़ात बड़वानी के सदर अब्दुल कय्यूम कुरैशी, पूर्व जिला सदर डॉ. अब्दुल रशीद पटेल, जमीयत के नायब सदर नूरुज्जमा शेख एडवोकेट, मोहम्मद मुजीब, भाई जाहिद भाई और उर्स कमेटी के सभी सदस्यों ने बाहर से आए जायरीनों का दिली इस्तकबाल किया और उर्स के कार्यक्रमों की तफसील से जानकारी दी।
इसके साथ ही जिला मुस्लिम कमेटी के आरिफ शेख ‘इकरा’ और आवाज़ ग्रुप मध्यप्रदेश के फाउंडर अब्दुल सादिक चंदेरी भी बड़गांव पहुंचे और मुल्क में अमन-चैन की सामूहिक दुआ में शामिल हुए। उर्स कमेटी ने तमाम अकीदतमंदों से कव्वाली की महफिल में शामिल होकर उर्स की रौनक़ बढ़ाने और फैज़ हासिल करने की पुरखुलूस अपील की है।







