बड़वानी जिले के सिलावद में मंत्री राकेश सिंह ने किया 18 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन, गोई नदी पर बनेगा 10 करोड़ का बहुप्रतीक्षित पुल

शेयर करे

बड़वानी/सिलावद, 25 अप्रैल 2026। निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

मध्यप्रदेश शासन के लोक निर्माण विभाग मंत्री श्री राकेश सिंह ने शनिवार को बड़वानी जिले के ग्राम सिलावद में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में लगभग 18 करोड़ रुपये की विभिन्न सड़क एवं सेतु परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार लोक निर्माण के माध्यम से लोक कल्याण के संकल्प को साकार कर रही है।

30 वर्षों का इंतजार खत्म: गोई नदी पर बनेगा पुल

क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से सिलावद-होलगाँव मार्ग पर गोई नदी पर ₹10.39 करोड़ की लागत से 195 मीटर लंबे पुल का निर्माण किया जाएगा। लोकसभा सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल ने कहा कि इस पुल की मांग पिछले 30 वर्षों से की जा रही थी, जो अब पूरी हुई है। इससे करीब 25 हजार आदिवासी भाई-बहनों का आवागमन सुगम होगा।

सड़क नेटवर्क का होगा सुदृढ़ीकरण: पुल के साथ ही ₹5.10 करोड़ की लागत से दोड़वाड़ा से मालकतार मार्ग और ₹2.53 करोड़ की लागत से सेंधवा-वरला रोड ब्रिज सर्विस रोड का भी भूमिपूजन किया गया। ये मार्ग महाराष्ट्र सीमा और आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग से सीधे जुड़ाव प्रदान करेंगे।

नवाचार: लोक कल्याण सरोवर और रिचार्ज बोर: मंत्री श्री सिंह ने बताया कि अब सड़क निर्माण के दौरान मिट्टी के लिए खोदे गए गड्ढों को ‘लोक कल्याण सरोवर’ में बदला जा रहा है। साथ ही सड़क निर्माण के साथ-साथ अब रिचार्ज बोर भी बनाए जाएंगे, जिससे भू-जल स्तर में सुधार होगा।

लोकपथ ऐप 2.0: 4 दिन में होगी सड़क मरम्मत

मंत्री ने ‘लोकपथ मोबाइल ऐप 2.0’ की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से आम नागरिक सड़क की शिकायत कर सकते हैं और 4 दिनों के भीतर मरम्मत सुनिश्चित की जा रही है।

इनकी रही गरिमामय उपस्थिति: कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेम सिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंत सिंह पटेल, विधायक श्याम बरडे, और जिला पंचायत सीईओ सुश्री काजल जावला सहित बड़ी संख्या में जनसमुदाय उपस्थित रहा।