बड़वानी, 01 मई 2026। निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने अपने जन्मदिन को ‘श्रम और समाजसेवा’ के नाम कर एक नई मिसाल पेश की है। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर डॉ. सोलंकी ने पूरा दिन ग्रामीण विकास कार्यों और श्रमदान में बिताकर जनता को प्रेरित किया।
खेत में चलाया हल, मजदूरों के साथ मनाया जश्न
अपने पैतृक ग्राम में माता-पिता का आशीर्वाद लेने के बाद सांसद सीधे खेतों में पहुँचे। यहाँ उन्होंने खुद अपनी बैल जोड़ी के साथ हल चलाकर किसानों और श्रमिकों के प्रति अपना सम्मान प्रकट किया। सांसद ने कहा कि “मिट्टी से जुड़कर किया गया श्रम ही भारत की असली आत्मा है।”
विकास कार्यों में ग्रामीणों के साथ बहाया पसीना: डॉ. सोलंकी ने ग्राम अंबापानी एवं ठान में तालाब गहरीकरण और सफाई अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने फावड़ा उठाकर स्वयं श्रमदान किया, जिससे प्रेरित होकर बड़ी संख्या में युवा और महिलाएं भी इस अभियान से जुड़े। मजदूर दिवस पर उन्होंने श्रमिकों का मुँह मीठा कराकर उन्हें समाज की ‘रीढ़’ बताया और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया।
ग्रामीणों ने की सराहना:
सांसद के इस सरल और कर्मठ अंदाज को देखकर ग्रामीणों ने उनकी सराहना की। लोगों का कहना था कि जब जनप्रतिनिधि स्वयं जमीन पर उतरकर काम करता है, तो समाज में नई ऊर्जा का संचार होता है।









