बड़वानी (सेंधवा), 01 मई 2026। निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
सामुदायिक पुलिसिंग को सशक्त बनाने एवं आमजन और पुलिस के बीच की दूरी को कम करने के उद्देश्य से बड़वानी पुलिस द्वारा “जन-संवाद: आपकी बात पुलिस के साथ” अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार रात्रि को सेंधवा शहर पुलिस द्वारा वार्ड क्रमांक 23, टैगोर बेडी में एक विशेष जनसंवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
सुरक्षा और जागरूकता पर केंद्रित चर्चा
पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन एवं एएसपी श्री धीरज बब्बर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में थाना प्रभारी श्री दिनेश सिंह कुशवाह ने नागरिकों से सीधा संवाद किया। चर्चा के दौरान यातायात नियमों का पालन, साइबर अपराधों से बचाव के तरीके और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा हेतु जारी हेल्पलाइन नंबर्स (1090, 1098, 112) की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
नशा मुक्ति और सुरक्षा के लिए जन-सहयोग की अपील: थाना प्रभारी ने क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए नागरिकों से सहयोग माँगा और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने हेतु प्रेरित किया। युवाओं को मॉडिफाइड साइलेंसर और तेज गति से वाहन न चलाने की समझाइश देते हुए हेलमेट की अनिवार्यता पर जोर दिया गया।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति:
कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद पुत्र श्री गोपाल भंवरे सहित वार्ड के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन में थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाहा के साथ थाना स्टाफ की भी सक्रिय भूमिका रही। स्थानीय रहवासियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सुरक्षित समाज की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।







