आलीराजपुर, 09 मार्च 2026
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट : रफीक कुरैशी)
आलीराजपुर जिले में ‘क्रांतिकारी शहीद छीतुसिंह किराड़ आकस्मिक रक्तदान समिति’ के युवाओं ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की है। समिति के पांच सदस्यों ने आपात स्थिति में रक्तदान कर न केवल मरीजों की जान बचाई, बल्कि समाज को “रक्तदान-महादान” का संदेश भी दिया।
गुजरात के अस्पताल पहुँचकर किया 4 यूनिट रक्तदान
समिति के संस्थापक भंगुसिंह तोमर ने बताया कि ग्राम उमराली के निवासी इलू गुजरिया पिछले एक माह से वाघोडिया (गुजरात) के पारुल अस्पताल में गंभीर बीमारी के चलते भर्ती हैं। सिकलसेल एनीमिया से पीड़ित इस मरीज को तत्काल 4 यूनिट रक्त की आवश्यकता थी। सूचना मिलते ही समिति के सदस्य शिवांशु बामनिया, अरुण तोमर, दिलीप निंगवाल और अश्विन निंगवाल तुरंत गुजरात के लिए रवाना हुए और अस्पताल पहुँचकर रक्तदान किया।
जिला अस्पताल में भी सक्रिय रही टीम
इसी क्रम में समिति के एक अन्य सदस्य कैलाश डावर (ग्राम बडदला) ने आलीराजपुर जिला चिकित्सालय में एक जरूरतमंद मरीज को रक्तदान कर अपना मानवीय धर्म निभाया। रक्तदान के बाद कैलाश डावर ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि—
“रक्तदान करने से शरीर में कोई कमजोरी नहीं आती है। यह एक पुनीत कार्य है और जरूरत के समय किसी की जान बचाना ही सबसे बड़ा मानव धर्म है।”
पिछले तीन वर्षों से जारी है सेवा का सफर
उल्लेखनीय है कि यह समिति पिछले तीन वर्षों से जिले और आसपास के क्षेत्रों में इमरजेंसी में रक्त उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है। समिति के सदस्यों की इस तत्परता और सराहनीय कार्य पर जिले के प्रबुद्धजनों ने पांचों युवाओं को बधाई और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।




